Leopard Attack: श्रावस्ती में तेंदुए के हमले में आठ ग्रामीण घायल, घंटों छकाने के बाद वन विभाग की टीम ने पकड़ा

श्रावस्ती में हमला कर तेंदुआ आठ ग्रामीणों को घायल कर दिया। ग्रामीणों ने तेंदुए की घेराबंदी की तो भाग कर आम के पेड़ पर चढ़ गया। वन व पुलिस टीम तेंदुए को पकड़ने में जुट गई। घंटों की बाद वन टीम ने तेंदुए को पिंजड़े में कैद कर लिया।

By Rafiya NazEdited By: Publish:Tue, 04 May 2021 06:00 PM (IST) Updated:Wed, 05 May 2021 07:29 AM (IST)
Leopard Attack: श्रावस्ती में तेंदुए के हमले में आठ ग्रामीण घायल, घंटों छकाने के बाद वन विभाग की टीम ने पकड़ा
श्रावस्ती के गांव में तेंदुए ने हमला कर आठ को किया घायल, वन विभाग ने पकड़ा।

श्रावस्ती, जेएनएन। मंगलवार की सुबह जंगल से निकला तेंदुआ सिरसिया थाना क्षेत्र के महासेमरा गांव में घुस गया। यहां हमला कर तेंदुआ आठ ग्रामीणों को घायल कर दिया। ग्रामीणों ने तेंदुए की घेराबंदी की तो भाग कर बाग में आम के पेड़ पर चढ़ गया। वन व पुलिस टीम तेंदुए को पकड़ने में जुट गई। घंटों की कड़ी मेहनत के बाद वन टीम ने तेंदुए को पिंजड़े में कैद कर लिया। घायलों को इलाज के लिए सिरसिया सीएचसी में भर्ती कराया गया है। 

सुबह लगभग छह बजे जंगल से निकला तेंदुआ महासेमरा गांव में पहुंच गया। यहां घर में सो रही रामनाथ की पत्नी चंद्रावती पर हमला बोल दिया। घर में मौजूद तिलकराम बचाव में दौड़े तो तेंदुआ उन पर भी हमलावर हो गया और जख्मी कर दिया। परिवार के लोगों को चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी रामनरायन लाठी लेकर बचाव में दौड़े तो दोनों लोगों को छोड़कर तेंदुआ रामनरायन पर हमलावर हो गया। कुछ देर बाद घर से बाहर निकले तेंदुए ने शौच से वापस घर लौट रहे गांव के ही गुल्ले, तुलसीराम, मुहम्मद शरीफ व प्रकाश पर हमला कर घायल कर दिया। सभी लोगाें ने भाग कर किसी तरह अपनी जान बचाई। शोर पर आसपास के गांवों से सैकड़ों की संख्या में लाठी-डंडे से लैस होकर लोग पहुंचे। ग्रामीणों ने तेंदुए को घेरना शुरु किया। खुद को घिरता देख तेंदुआ गांव के पास स्थित झाड़ियों में छिप गया। ग्रामीणाों ने झाड़ी को घेरना शुरू किया तो यहां से निकल कर तेंदुआ बगीचे की ओर दौड़ा। इस दौरान दद्दन पर हमलाकर उन्हें भी जख्मी कर दिया। ग्रामीमों को चकमा देकर तेंदुआ बाग में लगे आम के पेड़ पर चढ़ गया। एंबुलेंस वाहन से घायलों को सिरसिया सीएचसी लाया गया। यहां इलाज चल रहा है। गांव में आतंक का पर्याय बने तेंदुए की सूचना मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक रामसमुझ प्रभाकर पुलिस टीम के साथ व रेंजर ककरदरी भाष्कर प्रसाद पांडेय, रेंजर भिनगा राकेश तिवारी, वन दरोगा रुद्रप्रताप, अखिलेश सिंह, महेश सिंह, राम शंकर, जय प्रकाश सिंह, रामचंद्र समेत अन्य वनकर्मियों की टीम मौके पर पहुंच गई।

आठ घंटे बाद पकड़ा गया तेंदुआ: बगीचे में पेड़ पर चढ़कर बैठे तेंदुए को कैद करने के लिए वन व पुलिस टीम को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। जाल डालकर पहले पूरे बगीचे को ढक दिया गया। इसके बाद आम के पेड़ को रस्सी के सहारे हिलाना शुरू किया। पेड़ के हिलने पर तेंदुआ नीचे उतर आया और जाल में फंस गया। इसके बाद उसे पिंजड़े में कैद कर लिया। सुबह छह बजे गांव में घुसे तेंदुए को लगभग आठ घंटे बाद शाम चार बजे तक कैद किया जा सका। पकड़े गए तेंदुए को भिनगा रेंज कार्यालय पर रखा गया है।

chat bot
आपका साथी