Happy Dussehra 2021: श्रीराम के जयकारे के साथ लखनऊ के ऐशबाग में जला रावण, 80 फीट ऊंचे पुतले का हुआ दहन

मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जयकारों के साथ शुक्रवार को विजयदशमी पर्व पर ऐशबाग ऐतिहासिक रामलीला मैदान में शुक्रवार को रावण दहन हुआ। डिप्टी सीएम डा. दिनेश शर्मा और परिसर में मौजूद रामलीला समिति के पदाधिकारियों ने लगाए जयकारे।

By Rafiya NazEdited By: Publish:Fri, 15 Oct 2021 09:57 PM (IST) Updated:Fri, 15 Oct 2021 09:57 PM (IST)
Happy Dussehra 2021: श्रीराम के जयकारे के साथ लखनऊ के ऐशबाग में जला रावण, 80 फीट ऊंचे पुतले का हुआ दहन
जयकारों से गूंजा ऐशबाग रामलीला मैदान, रावण दहन से पूर्व हुआ रामलीला का मंचन।

लखनऊ, जागरण संवाददाता। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जयकारों के साथ शुक्रवार को विजयदशमी पर्व पर ऐशबाग ऐतिहासिक रामलीला मैदान में शुक्रवार को रावण दहन हुआ। डिप्टी सीएम डा. दिनेश शर्मा और परिसर में मौजूद रामलीला समिति के पदाधिकारियों व अन्य लोगों के द्वारा लगाए गए श्रीराम और वीर हनुमान के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। उप मुख्यमंंत्री डा. दिनेश शर्मा बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने रामलीला के इतिहास और दशहरे पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगवान राम ने असत्य पर विजय प्राप्त की और वह सभी को साथ लेकर चले। ऐशबाग रामलीला की तुलसीदास ने रूपरेखा तैयार की थी। रामलीला समिति की स्थापना वर्ष 1860 में हुई थी, लेकिन इसका इतिहास 400 वर्ष पुराना है, मुगल काल में इसकी शुरुआत हुई। गोस्वामी तुलसीदास जी के शिष्यों, लखनऊ के नवाबों बाहर के कलाकारों ने यहां मंचन किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद यहां आकर मंचन देख चुके हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार की धार्मिक, आध्यात्मिक, साहित्यिक और शैक्षिक नीतियों ने पूरे प्रदेश की आस्था में परिवर्तन किया है। यहां लोग होली, दिवाली, ईद और बकरीद एक साथ हंसी-खुशी से मनाते हैं। यह हमारा आपसी भाईचारा ही है। सीएम योगी के नेतृत्व में सरकार के साढ़े चार साल पूरे हो गए। एक भी सांप्रदायिक दंगा नहीं हुआ। डिप्टी सीएम ने सभी को विजयदशमी पावन पर्व की शुभकामनाएं दी। रावण दहन से पहले यहां कलाकारों ने लगभग दो घंटे तक राम रावण युद्ध और रावण वध की लीला का मंचन हुआ 80 फीट ऊंचे पुतले का दहन हुआ। रामलीला समिति के अध्यक्ष हरिश्चंद्र अग्रवाल ने बताया कि आदित्य द्विवेदी के संयोजन में रावण दहन हुआ। इस दौरान प्रमोद कुमार अग्रवाल, संजय मिश्रा व अन्य लोग मौजूद रहें।

यहां भी जला प्रतीकात्मक रावण: डालीगंज के मौसमगंज में शिवकुमार व अशीष प्रकाश के संयोजन में रावण व मेघनाद के दो पुतले जलाए गए। सौभाग्य फाउंडेशन की ओर से त्रिवेणी नगर में दिव्यांगों के लिए रावण दहन किया गया। संयोजक अमित मेहरोत्रा व पूजा मेहरोत्रा ने दिव्यांगों को उपहार दिए। सदर के धर्मशाला में भी रावण दहन किया गया। खदरा के पक्का पुल के पास रावण वध के मंचन के साथ पुतले का दहन किया गया। राजाजीपुरम के पीएनटी मैदान में रावण दहन किया गया। गोमतीनगर के बड़ी जुगोली में अजय यादव के संयोजन में रावण और मेघनाद के पुतले का दहन किया गया। दिलीप कुमार जायसवाल के संयोजन में रामलीला के साथ ही चिनहट में रावण का दहन किया गया। बच्चों ने घरों के आसपास छोटे रावण का पुतला बनाकर दहन किया।

chat bot
आपका साथी