Vikas Dubey News: ED ने विकास दुबे की पत्नी ऋचा के दर्ज किए बयान, जय वाजपेयी से स्वीकारा किया लेन-देन

Vikas Dubey News कानपुर के बहुचर्चित बिकरू कांड में विकास दुबे व उसके गिरोह की अपराध की काली कमाई से जुटाई गई संपत्तियों की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय ने बुधवार को विकास दुबे की पत्नी ऋचा दुबे से करीब सात घंटे लंबी पूछताछ की।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Wed, 21 Oct 2020 09:32 AM (IST) Updated:Wed, 21 Oct 2020 10:22 PM (IST)
Vikas Dubey News: ED ने विकास दुबे की पत्नी ऋचा के दर्ज किए बयान, जय वाजपेयी से स्वीकारा किया लेन-देन
ईडी ने गैंगस्टर विकास दुबे की पत्नी ऋचा को लखनऊ कार्यालय में पेश होने के लिए कहा है।

लखनऊ, जेएनएन। कानपुर के बहुचर्चित बिकरू कांड में विकास दुबे व उसके गिरोह की अपराध की काली कमाई से जुटाई गई संपत्तियों की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को विकास दुबे की पत्नी ऋचा  दुबे से करीब सात घंटे लंबी पूछताछ की। इस दौरान ऋचा ने पति विकास दुबे द्वारा अपनी रकम को जय वाजपेयी के जरिये विभिन्न व्यवसायों में निवेश किए जाने की बात स्वीकार की है।

ईडी ने विकास दुबे की पत्नी ऋचा दुबे को नोटिस देकर पूछताछ के लिए बुधवार को तलब किया था। लखनऊ के हजरतगंज स्थित ईडी के जोनल कार्यालय में ऋचा अपने दोनों बेटों आकाश व शांतनु के साथ सुबह 11 बजे पहुंची थी। ईडी के अधिकारियों ने विकास दुबे के बैंक खातों में हुए ट्रांजेक्शन, उसकी चल-अचल संपत्तियों, आय और कारोबार को लेकर ऋचा से करीब छह बजे तक सवाल-जवाब किए। जिन लोगों के खातों में विकास दुबे के खाते से लेनदेन हुआ था, उनके बारे में भी जानकारी जुटाने का प्रयास किया। खासकर जय वाजपेयी के साथ हुए लेनदेन को लेकर कई सवाल किए गए। ऋचा से विकास दुबे के जय वाजपेयी समेत अन्य लोगों से व्यवसायिक संबंधों को लेकर भी जानकारी जुटाई गई।

सूत्रों का कहना है कि ईडी ने विकास दुबे के बैंक खातों के ट्रांजेक्शन के आधार पर ऋचा से कई अन्य लोगों के बारे में भी पूछताछ की, लेकिन ऋचा ने उनमें से अधिकांश लोगों को पहचानने से इनकार कर दिया। कई सवाल पर वह जानकारी न होने का हवाला देकर सवालों से बचती रहीं। ईडी ने ऋचा के बयान दर्ज किए हैं, जिसके आधार पर अब आगे की छानबीन की जाएगी। ईडी जल्द विकास दुबे के खजांची जय वाजपेयी समेत कुछ अन्य लोगों से पूछताछ की भी तैयारी कर रही है।

ध्यान रहे, कानपुर में सीओ समेत आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सितंबर माह में मनी लांड्रिंग का केस दर्ज किया था। ईडी ने बिकरू कांड में दर्ज कराई गईं एफआइआर को अपने केस का आधार बनाया था। वह कुख्यात विकास दुबे के खजांची जय वाजपेयी समेत करीब 36 आरोपितों के विरुद्ध काली कमाई से जुटाई गई संपत्तियों की जांच कर रही है। 

chat bot
आपका साथी