लखनऊ में तेलीबाग से वृंदावन तक निगमकर्मी बन कर ली दर्जनों स्ट्रीट लाइटों की चोरी, दो पर केस

लखनऊ-रायबरेली रोड पर तेलीबाग से लेकर वृंदावन सेक्टर सात तक सड़क किनारे लगी स्ट्रीट लाइटें एक के बाद एक लगातार चोरी होती रहीं। देखते ही देखते एक किलोमीटर तक के क्षेत्र में अंधेरा छा गया। अब पुलिस ने दो पर मुकदमा दर्ज किया हे।

By Dharmendra MishraEdited By: Publish:Mon, 29 Nov 2021 08:04 PM (IST) Updated:Tue, 30 Nov 2021 07:49 AM (IST)
लखनऊ में तेलीबाग से वृंदावन तक निगमकर्मी बन कर ली दर्जनों स्ट्रीट लाइटों की चोरी, दो पर केस
लखनऊ-रायबरेली रोड पर तेलीबाग से लेकर वृंदावन सेक्टर सात एक किलोमीटर तक के क्षेत्र में अंधेरा छा गया।

लखनऊ, संवाद सूत्र।  लखनऊ-रायबरेली रोड पर तेलीबाग से लेकर वृंदावन सेक्टर सात तक सड़क किनारे लगी स्ट्रीट लाइटें एक के बाद एक लगातार चोरी होती रहीं। देखते ही देखते एक किलोमीटर तक के क्षेत्र में अंधेरा छा गया। नगर निगम के मार्ग प्रकाश कर्मी के रूप में चोर स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने के नाम पर सीढ़ी लगाकर एक के बाद एक रोजाना खोल रहे थे।

एक दिन घटना सड़क किनारे एक मकान में लगे सीसीटीवी में कैद हुई तो मकान मालिक ने इसकी सूचना नगर निगम और पुलिस को दी। मगर न तो पुलिस ने मुकदमा लिखा और न ही नगर निगम के अधिकारियों ने मामले का कोई संज्ञान लिया। मकान मालिक मुकेश महीनों से थाने और नगर निगम का चक्कर काटते रहे। इसके बाद अब एक निगम अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने दो लोगों पर पीजीआइ थाने में मुकदमा दर्ज किया  है।

जलती लाइटें खोलने पर हुआ शकः वृंदावन सेक्टर-7 में रहने वाले मुकेश सिंह ने बताया कि मेरेे मकान के ठीक सामने खंभा है, जिसमें स्ट्रीट लाइट लगी थी और जलती भी थी। कुछ दिन पहले दो युवक बाइक से आए, जिसमें मार्ग प्रकाश नगर निगम लिखा था। यह दोनों अपने साथ सीढ़ी भी लेकर आए थे। वह खंभे में सीढ़ी लगाकर स्ट्रीट लाइट को खोल ले गए। चोर स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने के नाम पर सीढ़ी लगाकर बेधड़क रूप से उसे खोल ले जाते थे। फिर दोबारा नहीं आते थे। अगली बार उनका निशाना दूसरे खंभे पर होती थी। जलती हुई स्ट्रीट लाइटें खोलने पर मुकेश को उन पर शक हुआ। 

सीसीटीवी में चोर कैदः स्ट्रीट लाइट की चोरी करते चोर सीसीटीवी में कैद हो गए। मुकेश ने बताया कि दूसरे दिन फिर यही युवक मेरे घर से कुछ दूरी पर एक दूसरे खंभे की लाइट खोल रहे थे। मैंने उनसे पूछताछ की तो वह कुछ नहीं बोले। इसकी शिकायत तुरंत पुलिस व नगर निगम को की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद वह तेलीबाग से वृंदावन सेक्टर- 7 तक की लाइट खोल ले गए।

अब दर्ज हुआ मुकदमाः इस पूरे प्रकरण को संज्ञान में लेते हुए निगमकर्मी अनिल कुमार एलएम मार्ग प्रकाश ने पिंटू यादव व जय सिंह के खिलाफ पीजीआइ थाने पर मुकदमा दर्ज कराया है।

chat bot
आपका साथी