धर्मेंद्र चुनावी रणनीति के 'प्रधान' व अनुराग संभालेंगे प्रबंधन, जानें- भाजपा की चुनाव टीम में किसे क्या मिली जिम्मेदारी

UP Assembly Election 2022 उत्तर प्रदेश भाजपा मुख्यालय में दिल्ली से आई टीम की पहली बैठक हुई। विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श के साथ तय किया गया कि संगठन प्रभारियों के साथ ही प्रदेश सह प्रभारियों को एक-एक क्षेत्र में चुनाव प्रभारी के तौर पर लगाया जाएगा।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Thu, 23 Sep 2021 06:00 AM (IST) Updated:Thu, 23 Sep 2021 09:18 AM (IST)
धर्मेंद्र चुनावी रणनीति के 'प्रधान' व अनुराग संभालेंगे प्रबंधन, जानें- भाजपा की चुनाव टीम में किसे क्या मिली जिम्मेदारी
धर्मेंद्र प्रधान के नेतृत्व वाली भाजपा की टीम यूपी में संगठन के साथ समन्वय बनाकर सत्ता वापसी की रणनीति बनाएगी।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। चुनाव प्रभारी, सात सह प्रभारी और छह क्षेत्रीय संगठन प्रभारियों की भाजपा की टीम बुधवार को लखनऊ पहुंच गई। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की तरह मिशन-2022 के लिए तैयार की गई चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान के नेतृत्व वाली यह टीम उत्तर प्रदेश में संगठन के साथ समन्वय बनाकर सत्ता वापसी की रणनीति बनाएगी। परिचय के साथ हुई पहली बैठक में ही तय हो गया कि धर्मेंद्र चुनावी रणनीति के 'प्रधान' होंगे तो सहप्रभारी बनाए गए केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर प्रदेश का चुनाव प्रबंधन संभालेंगे।

वर्ष 2014 के बाद से लगातार चुनावों में विजय हासिल कर रही भाजपा के पास उत्तर प्रदेश में मजबूत संगठन है, लेकिन समन्वय और मार्गदर्शन के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री व वर्तमान में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधा मोहन सिंह को प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी पहले ही दे दी गई थी। अब चूंकि विधानसभा चुनाव नजदीक है, इसलिए चुनावी तैयारियों के लिए पार्टी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को प्रदेश चुनाव प्रभारी बनाया है।

धर्मेंद्र प्रधान के साथ केंद्रीय सूचना प्रसारण, खेल एवं युवा मामलों के मंत्री अनुराग ठाकुर, संसदीय कार्य राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल, कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री शोभा करंदलाजे, शिक्षा राज्यमंत्री अन्नपूर्णा देवी, सांसद सरोज पांडेय, कैप्टन अभिमन्यु और विवेक ठाकुर को सहप्रभारी की जिम्मेदारी दी है। छह क्षेत्रों के संगठन प्रभारी भी बनाए गए हैं। क्षेत्रों के संगठन प्रभारी तो इस बीच कुछ दौरा कर भी चुके हैं, लेकिन धर्मेंद्र प्रधान सहित सहप्रभारी बुधवार को लखनऊ पहुंचे।

बुधवार शाम भाजपा प्रदेश मुख्यालय में दिल्ली से आई टीम की पहली बैठक हुई। इसमें सीएम योगी आदित्यनाथ, प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डा. दिनेश शर्मा, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल, सभी प्रदेश महामंत्री, प्रदेश उपाध्यक्ष, क्षेत्रीय अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश से राष्ट्रीय पदाधिकारी सहित केंद्रीय मंत्री डा. महेंद्र नाथ पांडेय, साध्वी निरंजन ज्योति, कौशल किशोर, एसपी सिंह बघेल, उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बेबीरानी मौर्य सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए।

मंत्रियों और संगठन पदाधिकारियों के साथ प्रभारी व सह प्रभारियों का परिचय कराया गया। इसके बाद विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श के साथ तय किया गया कि संगठन प्रभारियों के साथ ही प्रदेश सह प्रभारियों को एक-एक क्षेत्र में चुनाव प्रभारी के तौर पर लगाया जाएगा। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि अब चुनाव में लगभग चार माह ही बचे हैं। सरकार और संगठन के साथ समन्वय बनाकर सभी छह क्षेत्रों में समान रूप से मेहनत की जाएगी। उन्होंने कहा कि पहले से मजबूत और अनुभवी संगठन प्रदेश में काम कर रहा है। सभी सह प्रभारी क्षेत्रीय चुनाव प्रभारी और संगठन प्रभारी के रूप में इस तरह काम करेंगे कि केंद्र और राज्य सरकार की जनहित की योजनाओं का लाभ और संदेश निचले स्तर तक जनता में पहुंचे।

आज भी होंगी मैराथन बैठकें : प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि चुनाव के मद्देनजर सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने पर चर्चा हुई। गुरुवार को सुबह से दो सत्रों में बैठकें होंगी। उसमें चुनावी रूपरेखा, सहित सभी जिम्मेदारियों को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। आगामी कार्यक्रमों और अभियानों की समीक्षा की जाएगी।

क्षेत्रवार जिम्मेदारी

काशी चुनाव प्रभारी : सरोज पांडेय संगठन प्रभारी : सुनील ओझा

कानपुर चुनाव प्रभारी : अन्नपूर्णा देवी संगठन प्रभारी : सुधीर गुप्ता

पश्चिम चुनाव प्रभारी : कैप्टन अभिमन्यु संगठन प्रभारी : संजय भाटिया

गोरखपुर चुनाव प्रभारी : विवेक ठाकुर संगठन प्रभारी : अरविंद मेनन

अवध चुनाव प्रभारी : शोभा करंदलाजे संगठन प्रभारी : वाई. सत्या कुमार

ब्रज चुनाव प्रभारी : अर्जुनराम मेघवाल संगठन प्रभारी : संजीव चौरसिया

chat bot
आपका साथी