सीतापुर में कहासुनी के बाद देवर ने खोया आपा, भाभी को मारी गोली; जिला अस्पताल भर्ती

सीतापुर के खैराबाद के टिकरिया गांव का मामला। यूकेलिप्टस के 11-12 पेड़ को लेकर हुआ था देवर-भाभी के बीच विवाद। तमंचा निकाल देवर ने भाभी पर चलाई गोली। पुलिस ने फायरिंग से किया इन्कार डॅाक्टर बोले- एक्स-रे में होगी पुष्टि।

By Divyansh RastogiEdited By: Publish:Tue, 11 May 2021 10:29 PM (IST) Updated:Wed, 12 May 2021 07:11 AM (IST)
सीतापुर में कहासुनी के बाद देवर ने खोया आपा, भाभी को मारी गोली; जिला अस्पताल भर्ती
तमंचा निकाल देवर ने भाभी पर चलाई गोली।

सीतापुर, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में मंगलवार शाम को मामूली कहासुनी पर महिला को उसके ही देवर ने गोली मार दी। गनीमत रही कि गोली उसके बाएं हाथ कोहनी के पास लगी। बताया जा रहा है कि महिला का देवर से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद होने के दौरान ही घायल महिला के पति ने यूपी डॉयल-112 पुलिस को खबर की। मौके पर पहुंची पुलिस ने पहले इलाज कराने फिर मुकदमा लिखाने की सलाह दी। पीड़िता का जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। 

घायल महिला ने बताई घटना की हकीकत: मामला खैराबाद के टिकरिया गांव का है। यहां के निवासी रामहेत राठौर की पत्नी ममता व देवर बैजनाथ से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। घायल ममता ने बताया, उसके पति तीन भाई हैं। खेत में यूकेलिप्टस के 11-12 पेड़ लगे हैं। इन पेड़ों के बीच से होकर हाईटेंशन लाइन निकली है। शाम चार बजे के दौरान बिजली कर्मी उनके दरवाजे आए थे। पेड़ कटवाने को कह रहे थे। पेड़ों की कीमत किसी एक के बैंक खाते में भेज देने को कह रहे थे। इसी बात पर बैजनाथ ममता से उलझने लगा और गाली-गलौज की। ममता के विरोध पर वह अवैध तमंचा निकाल लाया और सीधे फायर कर दी। ममता ने बताया, उसके गोली बाएं हाथ में लगी है। इस दौरान मौके पर खड़े लोग बैजनाथ के हाथ में तमंचा देख इधर-उधर हो गए। आरोप है कि इससे पहले भी कई बार बैजनाथ उसे मारपीट चुका है। ममता ने कहा, उसके दो बेटी व एक बेटा है।

डाक्टर ने कहा, एक्स-रे में होगी पुष्टि: जिला अस्पताल में इमरजेंसी ड्यूटी पर मौजूद डॉ. पीके गोयल ने बताया, घायल ममता के बाएं हाथ में चोट है। गोली लगने की बात पर डॉक्टर ने कहा, इस बात की पुष्टि एक्स-रे में होगी। इसलिए अभी प्रारंभिक उपचार कर महिला को भर्ती कर लिया गया है और एक्स-रे के लिए लिखा है। बुधवार सुबह इसका एक्स-रे होगा, तभी स्पष्ट होगा कि महिला के हाथ में चोट कैसे लगी।

फायरिंग का पुलिस ने किया इन्कार: खैराबाद थानाध्यक्ष ओपी राय ने बताया, रामहेत ने यूकेलिप्टस के पेड़ बेचे थे। इसी में रुपयों को लेकर देवर-भाभी में विवाद हुआ है। घर में आपस में मारपीट के दौरान महिला लोहे के बक्शे पर गिर गई थी। जिससे उसके हाथ में चोट आई है। फायरिंग या गोली लगने का कोई मामला ही नहीं है।

chat bot
आपका साथी