दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने अयोध्या में की सरयू आरती, कहा-130 करोड़ देशवासी भारत को बना सकते हैं नंबर वन

आम आदमी पार्टी के मुखिया व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल दो दिवसीय उत्‍तर प्रदेश के दौरे पर आएं हैं। यहां वे पहले सुलतानपुर गए जहां वे सुलतानपुर में दीवानी के एमपी-एमएलए कोर्ट में हाजिर हुए। इसके बाद वे अयोध्‍या पहुंचेगे जहां वे कल रामलला व बजरंगबली के दर्शन करेंगे।

By Rafiya NazEdited By: Publish:Mon, 25 Oct 2021 09:43 AM (IST) Updated:Mon, 25 Oct 2021 06:32 PM (IST)
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने अयोध्या में की सरयू आरती, कहा-130 करोड़ देशवासी भारत को बना सकते हैं नंबर वन
सोमवार से दो दिवसीय यूपी के दौरे दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल हुए हैं।

लखनऊ, जेएनएन। आम आदमी पार्टी के मुखिया व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरवि‍ंद केजरीवाल सोमवार को रामनगरी पहुंचे। होटल पंचशील में उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। शाम को वह सरयू आरती में शामिल हुए और साधु-संतों से भी भेंट की। सरयू तट पर उन्होंने जयश्री राम का उद्घोष भी किया। अयोध्या आने को उन्होंने अपना सौभाग्य बताया। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने भगवान राम से देश को कोरोना मुक्त करने की कामना की। केजरीवाल मंगलवार की सुबह आठ बजे हनुमानगढ़ी जाएंगे। इसके बाद वे रामलला का दर्शन-पूजन करेंगे।

उन्होंने कहाकि भारत को अब तक दुनिया का सबसे अग्रणी देश हो जाना चाहिए था। देश में गरीबी, अशिक्षा के साथ विभिन्न प्रकार की समस्याएं हैं। भारत को दुनिया का नंबर वन देश बनाने के लिए भी भगवान राम से प्रार्थना की। कहा, 130 करोड़ भारतवासी मिल कर इस सपने को पूरा कर सकते हैं। केजरीवाल ने कहाकि दिल्ली शासन के अनुभव से यह लगता है कि यदि सभी देशवासी भेदभाव रहित होकर परिवार की तरह काम करें तो यह संभव भी है। दिल्ली में ऐसे कई कार्य हुए भी हैं। स्कूल बने, अस्पताल अच्छे हुए। यही वजह है कि दिल्ली तरक्की की राह पर आगे बढ़ा है। भगवान राम की कृपा से जीवन में बहुत कुछ हासिल हुआ है। इस मौके पर राज्यसभा सदस्य संजय सि‍ंह, आप के प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सि‍ंह, विधायक दिलीप पांडेय, अनिल प्रजापति, संदीप वर्मा, दिनेश सि‍ंह पटेल, वंशराज दुबे, विनय पटेल, धर्मवीर ङ्क्षसह, मनोज मिश्रा, दिग्विजय निषाद, आलोक द्विवेदी, आनंद जायसवाल, अजीत श्रीवास्तव, नीलम यादव, गायत्री मिश्रा, सूर्या त्रिपाठी आदि मौजूद थे। 

इससे पहले अरविंद केजरीवाल ने एमपी एमएलए कोर्ट में चल रहे मुसाफिरखाना व गौरीगंज के मुकदमे में स्वेच्छा से जमानत कराने की अर्जी विशेष जज पीके जयंत को दी थी। सुप्रीम कोर्ट की विशेष अदालत ने सीएम अरविंद केजरीवाल की व्‍यक्तिगत उपस्थिति पर स्‍टे दे दिया था। अब इन्‍होंने स्‍वेच्‍छा से उपस्थित होकर जमानत की अर्जी दी थी जिसे स्‍वीकार कर लिया गया है। इसके बाद अरविंद केजरीवाल एमपी एमएलए कोर्ट गए जहां उनकी पेशी चली। अमेठी व गौरीगंज में 2014 में चुनावी दौरे के दौरान मुकदमा दर्ज हुआ था।

#WATCH | Delhi CM and AAP national convener Arvind Kejriwal performs 'aarti' at Sarayu Ghat in Ayodhya. pic.twitter.com/Clp6JPCM16— ANI UP (@ANINewsUP) October 25, 2021

सीएम अरविंद केजरीवाल की जमानत को कोर्ट ने मंजूर कर लिया। इसके बाद जमानतनामा दाखिल करने की प्रक्रिया चली। इसके बाद आरोपों से मुक्त करने को लेकर तकरीबन एक घंटे तक बहस हुई। इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ के अधिवक्ता इरशाद व ऋषि के बीच बहस चली। कोर्ट ने सीएम का जमानत नामा मंजूर कर लिया वहीं आरोपों से मुक्‍त होने की अर्जी को खारिज कर दिया। आरोप के आधार पर साक्ष्यों पर सुनवाई अब तीन नवंबर को होगी। वहीं दोपहर तीन बजे करीब अरविंद केजरीवाल अयोध्‍या पहुंचे। यहां उन्‍होंने हाईवे स्थित एक होटल में विश्राम किया। वहीं मंगलवार सुबह वे हनुमानगढ़ी व रामलला का दर्शन पूजन करने जाएंगे।

दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल सोमवार को सुबह लखनऊ पहुंचे। एयरपोर्ट पर पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। केजरीवाल सीधे सुलतानपुर के लिए रवाना हो गए हैं। वह यहां वर्ष 2014 के एक मामले में कोर्ट में पेश होंगे। फिर यहीं से सीधे अयोध्या जाएंगे और शाम 6:00 बजे सरयू आरती में शामिल होंगे। मंगलवार को रामलला के दर्शन करेंगे। आप के यूपी प्रभारी और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह और प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह भी मौजूद रहे।

बता दें कि वर्ष 2014 में गौरीगंज व अमेठी में चुनाव के दौरान दर्ज किए गए मुकदमे के संदर्भ में 25 अक्टूबर को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सुलतानपुर आ रहे हैं। वह दीवानी के एमपी-एमएलए कोर्ट में हाजिर होंगे। आठ साल पहले वह सामाजिक संस्था के जरिए लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए आ चुके हैं। उनके साथ राज्य सभा सदस्य संजय सिंह व आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह भी मौजूद रहेंगे। केजरीवाल के आगमन को लेकर आप कार्यकर्ता उत्साहित हैं। जारी कार्यक्रम के अनुसार सीएम केजरीवाल लखनऊ एयरपोर्ट से सोमवार की सुबह आठ बजे जिले के लिए रवाना होंगे। वह साढ़े दस बजे सिविल कोर्ट में पहुंचेंगे। इस दौरान जनपद की सीमा में जगह-जगह पार्टी के कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। अदालत से वह दोपहर बारह बजे लोनिवि निरीक्षण भवन जाएंगे।

chat bot
आपका साथी