यूपी व‍िधानसभा चुनाव से पहले रामलला की शरण में द‍िल्‍ली के सीएम अरव‍िंद केजरीवाल, 26 को करेंगे दर्शन-पूजन

आम आदमी पार्टी ने उत्‍तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया है जो 2022 में होने हैं। अरविंद केजरीवाल राम लला का दर्शन करने के साथ ही हनुमानगढ़ी में भी दर्शन पूजन करेंगे। इस दौरान राज्यसभा सांसद संजय सिंह भी उनके साथ मौजूद रहेंगे।

By Anurag GuptaEdited By: Publish:Sat, 23 Oct 2021 05:24 PM (IST) Updated:Sun, 24 Oct 2021 06:45 AM (IST)
यूपी व‍िधानसभा चुनाव से पहले रामलला की शरण में द‍िल्‍ली के सीएम अरव‍िंद केजरीवाल, 26 को करेंगे दर्शन-पूजन
आम आदमी पार्टी ने उत्‍तर प्रदेश में चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।

अयोध्या, संवाद सूत्र। विधानसभा चुनाव से पहले यूपी में पैठ बनाने में जुटी आम आदमी पार्टी के मुखिया व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरवि‍ंद केजरीवाल 26 अक्टूबर को रामलला और बजरंगबली का दर्शन करेंगे। रामनगरी में ही वह मीडिया से भी मुखातिब होंगे। यह जानकारी आप के यूपी प्रभारी व राज्यसभा सदस्य संजय सि‍ंह ने दी। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में रामराज्य को आदर्श माना जाता है। दिल्ली की सरकार रामराज्य की अवधारणा पर ही लोगों को बिजली, पानी और स्वास्थ्य सुविधाएं निश्शुल्क उपलब्ध करा रही है। इसीलिए दिल्ली सरकार की चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है।

संजय सिंह ने भाजपा के राष्ट्रवाद को फर्जी करार दिया। कहा, बनारस में तिरंगा यात्रा को प्रशासन ने अनुमति नहीं दी। रास सदस्य ने कहाकि यूपी में भी फ्री बिजली अभियान को लाखों लोगों का समर्थन मिला है। उन्होंने कांग्रेस के बिजली बिल माफी की घोषणा पर भी निशाना साधा। कांग्रेस को इसकी शुरुआत पहले उन राज्यों से करनी चाहिए, जहां उनकी सरकार है। संसद व विधानसभा में 33 फीसद महिला आरक्षण नहीं होने के लिए उन्होंने कांग्रेस और भाजपा को जिम्मेदार ठहराया। इस मौके पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सि‍ंह मौजूद रहे।

गौरतलब है क‍ि आम आदमी पार्टी ने उत्‍तर प्रदेश में चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। अरविंद केजरीवाल के नेतृत्‍व में पार्टी सभी 403 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। पार्टी ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि वह किसी तरह का गठबंधन नहीं करेगी। आम आदमी पार्टी ने गोवा, उत्तराखंड और गुजरात समेत कई अन्य राज्यों में चुनाव लड़ने का ऐलान क‍िया है। द‍िल्‍ली के मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यूपी में पार्टी की जिम्मेदारी सांसद संजय सिंह को दी है। हाल ही में लखीमपुर की घटना को लेकर संजय सिंह काफी सक्रि‍य थे। यही नहीं संजय सिंह जमीनी स्तर पर जिले-जिले में घूम पार्टी के लिए काम कर रहे हैं। संजय सिंह के अलावा दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया भी यूपी में पार्टी का चुनाव प्रचार करते दिखे हैं।

chat bot
आपका साथी