सीएम योगी आद‍ित्‍यनाथ से म‍िला क‍िसानों का प्रत‍िन‍िध‍िमंडल, कहा- कृष‍ि कानून पर भड़का रहे लोग

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा क‍ि किसान राज्य सरकार की प्राथमिकता हैं। प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में किसानों की खुशहाली के लिये गम्भीरता से प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केन्द्र सरकार द्वारा लागू किये गये कृषि कानूनों का लाभ किसानों को मिलेगा।

By Anurag GuptaEdited By: Publish:Sat, 06 Mar 2021 05:56 PM (IST) Updated:Sun, 07 Mar 2021 08:20 AM (IST)
सीएम योगी आद‍ित्‍यनाथ से म‍िला क‍िसानों का प्रत‍िन‍िध‍िमंडल, कहा- कृष‍ि कानून पर भड़का रहे लोग
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से बयां किया दर्द, आंदोलन से हो रही असुविधा।

लखनऊ, जेएनएन। कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन को तमाम विपक्षी दल हवा देने की कोशिश में जुटे हैं, वहीं तमाम किसान संगठन कानूनों की पैरोकारी के लिए आगे आ रहे हैं। इसी क्रम में पश्चिमी उत्त्तर प्रदेश के किसानों का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले और तीनों कानूनों को किसान हितैषी बताते हुए दर्द बयां किया कि आंदोलन से लोगों को असुविधा हो रही है। इसके माध्यम से कुछ लोग किसानों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर किसानों का प्रतिनिधिमंडल विधायक उमेश मलिक के साथ सीएम योगी से मिलने पहुंचा। दल के सदस्यों ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना आदि योजनाएं लागू की गई हैं। किसानों को फसल की उचित कीमत दिलाने के लिए लागत से डेढ़ गुना एमएसपी निर्धारित की गई। प्रदेश में एमएसपी से खरीद होने से बड़ी संख्या में किसान लाभान्वित हो रहे हैं। राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता से किसानों के हितों के लिए काम कर रही है। किसानों के जीवन में व्यापक परिवर्तन हुआ है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग किसान आंदोलन के माध्यम से किसानों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। इससे आवागमन बाधित होता है और लोगों को असुविधा होती है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि किसी भी समस्या का समाधान मिल बैठकर संवाद के जरिये किया जा सकता है।

किसानों की बात सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान राज्य सरकार की प्राथमिकता हैं। प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में किसानों की खुशहाली के लिए गंभीरता से प्रयास कर रही है। सरकार द्वारा लागू कृषि कानूनों का लाभ किसानों को मिलेगा। इन्हें किसानों की आय दोगुना करने के उद्देश्य से लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने हमेशा किसानों को ध्यान में रखकर नीतियां बनाई हैं। राज्य सरकार किसानों के हितों से जुड़े कार्यक्रमों और योजनाओं को पूरी गंभीरता से लागू कर रही है। यह इसी का नतीजा है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में उत्तर प्रदेश को पहला पुरस्कार मिला है। प्रतिनिधिमंडल में राजेंद्र स‍िंह मलिक, सर्वखाप मंत्री सुभाष वालियान, राजवीर स‍िंह मलिक, हरवीर स‍िंह, राजपाल स‍िंह, फेरू स‍िंह, करन स‍िंह, सुनिल कुमार, रामवीर स‍िंह, अरविंद मलिक, सरवीर स‍िंह, सरवेन्दर स‍िंह और धर्मवीर स‍िंह शामिल थे।  

chat bot
आपका साथी