Rajnath Singh in Lucknow : आतंकी हरकतों से बाज नहीं आ रहा पाक, सेना दे रही मुंहतोड़ जवाब : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

Defence Minister Rajnath Singh in Lucknow रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज से तीन दिन के दौरे पर लखनऊ में रहेंगे।

By Dharmendra PandeyEdited By: Publish:Fri, 22 Nov 2019 11:20 AM (IST) Updated:Sat, 23 Nov 2019 07:25 AM (IST)
Rajnath Singh in Lucknow : आतंकी हरकतों से बाज नहीं आ रहा पाक, सेना दे रही मुंहतोड़ जवाब : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
Rajnath Singh in Lucknow : आतंकी हरकतों से बाज नहीं आ रहा पाक, सेना दे रही मुंहतोड़ जवाब : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

लखनऊ, जेएनएन। कैंट विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के अभिनंदन समारोह में शुक्रवार को शामिल हुए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को फिर ललकारा। उन्होंने कहा कि कई बार मात खाने के बावजूद पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है और भारत में आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने में लगा है, लेकिन भारतीय सेना उसका मुंहतोड़ जवाब दे रही है। मौजूदा समय में पाकिस्तान भीषण महंगाई के दौर से गुजर रहा है। वहां आर्थिक मंदी है। जनता आंदोलन कर रही है। सामान्य किस्म के उद्योग बंद हो रहे हैं, लेकिन पाक लगातार आतंकी उद्योग को बढ़ावा दे रहा है। 

कैंट विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में विजयी रहे सुरेश तिवारी की तरफ से चारबाग के रवींद्रालय प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में रक्षा मंत्री ने कहा कि कहा जाता था कि भाजपा चुनाव आने पर ही कश्मीर से अनुच्छेद-370 हटाने और राम मंदिर निर्माण का मुद्दा उठाती है, लेकिन इस बार संसद में बहुमत मिलने के बाद भाजपा सरकार ने इन मुद्दों को हकीकत में बदल दिया। सुप्रीम कोर्ट में साक्ष्यों के आधार पर पैरवी का ही नतीजा रहा कि फैसला राम मंदिर निर्माण के पक्ष में आया है। उन्होंने कहा कि पांच अगस्त को अनुच्छेद 370 खत्म होने के बाद कश्मीर में एक भी नागरिक पुलिस की गोली से नहीं मरा है, बल्कि भारतीय सेना ने आतंकियों को जमीन चटा दी है। 

पूरी दुनिया में भारत का डंका

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की तारीफ करते हुए रक्षामंत्री ने कहा कि पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। दुनिया के विकसित देशों में जिस तरह से वैश्विक मंदी का दौर चल रहा है, उसकी अपेक्षा भारत में इसका कम प्रभाव है। 

2025 तक आर्थिक मामलों में तीसरे स्थान पर होगा भारत

राजनाथ सिंह ने कहा कि आज विदेश के लोग भारत से बात करना चाहते हैं। एक कार्यक्रम में अमेरिका के रक्षा मंत्री ने उनसे कहा कि मौजूदा समय में भारत और अमेरिका के संबंध पहले से और भी मजबूत हुए हैं। रक्षा मंत्री ने कहा कि 2025 तक भारत आर्थिक मामलों में दुनिया में तीसरे नंबर पर होगा। 

कार्यकर्ताओं के लिए हमेशा खुले हैं द्वार

विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की जीत पर कार्यकर्ताओं की हौसला अफजाई करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि कार्यकर्ताओं की उपेक्षा नहीं की जानी चाहिए। उनके द्वार हमेशा कार्यकर्ताओं के लिए खुले हुए हैं। 

लखनऊ के तीन दिन के दौरे पर हैं राजनाथ सिंह छावनी

शुक्रवार को लखनऊ पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह छावनी के एएमसी स्टेडियम में 23 नवंबर को आयोजित होने वाली रक्षा पेंशन अदालत में आने वाले पूर्व सैनिकों व दिवंगत पूर्व सैनिकों की पत्नियों की समस्याओं का निस्तारण करेंगे। इसके बाद 24 नवंबर को वह सुबह दिल्ली के रवाना होंगे। शनिवार को राजनाथ सिंह पूर्व सैनिकों व दिवंगत पूर्व सैनिकों की पत्नियों की समस्याओं का निस्तारण करेंगे।पूर्व सैनिकों व दिवंगत पूर्व सैनिकों की पत्नियों के लिए शहर के 12 स्थानों से सेना की बसें मिलेंगी। वहीं, पेंशन अदालत आयोजन स्थल पर वयोवृद्ध पूर्व सैनिक ई रिक्शा से एक स्टाल से दूसरे स्टाल तक जाएंगे। दोपहर में पूर्व सैनिकों के साथ सैन्य अधिकारी भोजन भी करेंगे। 

chat bot
आपका साथी