पंडित दीन दयाल उपाध्याय की जयंती पर आज उत्तर प्रदेश के हर विकास खंड में गरीब कल्याण मेला

Deen Dayal Upadhyay Birth Anniversary पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर शनिवार को प्रदेश के सभी विकासखंडों पर गरीब कल्याण मेला आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर 75 जिलों के हर विकास खंड में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विधायक भी मौजूद रहेंगे।

By Dharmendra PandeyEdited By: Publish:Sat, 25 Sep 2021 09:50 AM (IST) Updated:Sat, 25 Sep 2021 10:15 AM (IST)
पंडित दीन दयाल उपाध्याय की जयंती पर आज उत्तर प्रदेश के हर विकास खंड में गरीब कल्याण मेला
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अंत्योदय, समाज में व्याप्त असंतुलन को संतुलित करने का मंत्र है।

लखनऊ, जेएनएन। एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय दर्शन के प्रणेता तथा भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्य पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती को आज उत्तर प्रदेश विशिष्ट तरीके से मना रहा है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर शनिवार को प्रदेश के सभी विकासखंडों पर गरीब कल्याण मेला आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर 75 जिलों के हर विकास खंड में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विधायक भी मौजूद रहेंगे।

योगी आदित्यनाथ सरकार आज गरीब कल्याण मेला में गरीबों के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में लोगों को जानकारी देगी। इसके साथ ही इस योजना से जो लाभार्थी अब तक नहीं जुड़ पाए हैं, उन्हेंं जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी कर्मभूमि गोरखपुर के साथ ही और गोंडा में होने वाले इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भरोहिया में गरीब कल्याण मेला का शुभारंभ करेंगे। इस मेले में मुख्यमंत्री 75 लाभार्थियों को योजना के लाभ का प्रमाण पत्र देंगे। इसमें 375 लाभार्थियों को आमंत्रित किया गया है। इस मेले में गरीब कल्याण की सभी योजनाओं से लोगों को जागरूक करने के लिए प्रदर्शनी भी लगाई गई है। सरकार का प्रयास इस मेले से ही जरूरतमंदों तक लाभ पहुंचाने का है।

गोरखपुर के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ गोंडा में गरीब कल्याण मेला का निरीक्षण करेंगे। मुख्यमंत्री दिन में करीब दो बजे गोंडा के विकास खंड कटरा बाजार में बनाए गए हेलीपैड पर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री सबसे पहले पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। कृषि विभाग के गरीब कल्याण मेले का अवलोकन करने के साथ ही दिव्यांगों को ट्राईसाइकिल भेंट करेंगे। यहां ब्लाक में आयोजित कार्यक्रम के बाद वह भारतीय इंटर कालेज कटरा बाजार में सभा को संबोधित करेंगे। विधायक बावन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यकर्ताओं के साथ संवाद भी कर सकते हैं। इसके बाद वह लखनऊ के लिए रवाना होंगे। आज इस मौके पर सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला भी लगाया जाएगा।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर कहा कि अंत्योदय दिवस भारतीय राजनीति को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्कर्ष के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि देश भर में चल रही नरेन्द्र मोदी सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाएं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांत को परिलक्षित करती हैं। प्रदेश में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 2.19 करोड़ से अधिक गरीब मरीजों को मुफ्त उपचार मिल चुका है। इसके साथ 16.51 करोड़ से अधिक ई-कार्ड जारी हो चुके हैं।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अंत्योदय, समाज में व्याप्त असंतुलन को संतुलित करने का मंत्र एवं आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को साकार करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि सभी को अंत्योदय दिवस की बधाई। एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय दर्शन के प्रणेता, भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्य और कुशल संगठनकर्ता श्रद्धेय पं. दीनदयाल उपाध्याय जी को उनकी जयंती पर कोटिश नमन। श्रद्धेय दीनदयाल जी का दर्शन आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को साकार करने के लिए हमारा मार्ग प्रशस्त करता है। 

chat bot
आपका साथी