प्रतियोगी छात्रों के लिए 'खास' होगा दिसंबर, UPPSC और UPHESC की परीक्षाओं के साथ जारी होंगे रिजल्ट

वर्ष 2021 का अंतिम महीना दिसंबर प्रतियोगी छात्रों का भविष्य तय करने वाला होगा। इस महीने में कई भर्ती परीक्षाएं होंगी। इसके साथ प्रमुख भर्तियों का परिणाम भी जारी होगा। जो सफल होंगे उनकी उम्मीद नए साल में परवान चढ़ेगी।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Mon, 29 Nov 2021 10:02 PM (IST) Updated:Tue, 30 Nov 2021 07:31 AM (IST)
प्रतियोगी छात्रों के लिए 'खास' होगा दिसंबर, UPPSC और UPHESC की परीक्षाओं के साथ जारी होंगे रिजल्ट
दिसंबर में यूपीपीएससी और यूपीएचईएससी की परीक्षाओं के साथ रिजल्ट जारी होंगे।

लखनऊ, जेएनएन। वर्ष 2021 का अंतिम महीना दिसंबर प्रतियोगी छात्रों का भविष्य तय करने वाला होगा। इस महीने में कई भर्ती परीक्षाएं होंगी। इसके साथ प्रमुख भर्तियों का परिणाम भी जारी होगा। जो सफल होंगे, उनकी उम्मीद नए साल में परवान चढ़ेगी। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) सम्मिलित राज्य कृषि सेवा 2020 की मुख्य परीक्षा (मेंस) का परिणाम 15 दिसंबर तक जारी कर सकता है।

इस भर्ती के तहत 564 पद भरे जाने हैं। साक्षात्कार के बाद दिसंबर महीने के अंत तक अथवा जनवरी के प्रथम सप्ताह में अंतिम परिणाम जारी करने की तैयारी है। वहीं, उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग (यूपीएचईएससी) ने विज्ञापन संख्या 50 के तहत असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती की लिखित परीक्षा का परिणाम तैयार करना शुरू कर दिया है। इसके तहत 48 विषयों में 2003 पदों पर भर्ती होनी है। लिखित परीक्षा की उत्तरकुंजी 15 दिसंबर से पहले जारी हो जाएगी। अभ्यर्थियों से आपत्ति लेकर लिखित परीक्षा का परिणाम दिसंबर महीने के अंत तक जारी किया जाएगा। साक्षात्कार 15 जनवरी तक शुरू करने की तैयारी है।

वहीं, उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी (सामान्य/विशेष चयन) प्रारंभिक परीक्षा 2021 पांच दिसंबर को, प्राविधिक शिक्षा (अध्यापन) सेवा परीक्षा 2021 को 12 दिसंबर तथा प्रवक्ता (पुरुष/महिला) राजकीय इंटर कालेज (मुख्य) परीक्षा 2020 को 19 दिसंबर को आयोजित कराएगा।

होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी का अभ्यर्थन निरस्त : उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने एक होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी का अभ्यर्थन निरस्त कर दिया है। आयोग ने उत्तर प्रदेश के राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालयों में होम्यापैथिक चिकित्साधिकारी के तहत 596 पदों की भर्ती निकाली थी। चयन का परिणाम सात मार्च 2020 को जारी किया गया। इसमें निर्देशों का पालन न करने पर प्रतीका रानी का अभ्यर्थन निरस्त कर दिया गया है। इनकी जगह श्याम कुमार सैनी का चयन हुआ है। आयोग के संयुक्त सचिव लखन लाल शिवहरे ने चयनित अभ्यर्थी को तय तारीख के अंतर्गत समस्त दस्तावेज जमा करने का निर्देश दिया है।

chat bot
आपका साथी