सीतापुर के तालाब में उतराता मिला लापता भाई-बहन का शव, मोमोज खाने के लिए निकले थे घर से

सीतापुर के महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र का मामला है। बस स्टॉप चौराहे पर मोमोज खाने साइकिल से गए थे अचानक दोनों लापता। दूसरे दिन तालाब में उतराता मिला शव। पुलिस जता रही दुर्घटना की आशंका। शव मिलने के बाद कोहराम मचा।

By Divyansh RastogiEdited By: Publish:Tue, 29 Sep 2020 12:43 PM (IST) Updated:Tue, 29 Sep 2020 12:45 PM (IST)
सीतापुर के तालाब में उतराता मिला लापता भाई-बहन का शव, मोमोज खाने के लिए निकले थे घर से
बस स्टॉप चौराहे पर मोमोज खाने साइकिल से गए थे, अचानक दोनों लापता। दूसरे दिन तालाब में उतराता मिला शव।

सीतापुर, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के सीतापुर में सोमवार की रात अपने ममेरे भाई के साथ मोमोज खाने के लिए निकली आठ वर्षीय बालिका संदिग्ध अवस्था में लापता हो गए। मंगलवार की सुबह दोनों के शव तालाब में उतराते मिले। घटना से सनसनी फैल गई। 

ये है पूरा मामला 

मामला महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र का है। यहां के नई बाजार दक्षिणी वार्ड निवासी पवन कुमार की आठ वर्षीय बेटी आरोही अपने ममेरे भाई शिवम पुत्र राजकुमार के साथ बस स्टॉप चौराहे पर मोमोज खाने साइकिल से गए थे। काफी देर हो जाने के बाद घर नहीं लौटे। रात करीब 11 बजे परिजनों ने दोनों के लापता होने की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। मंगलवार की सुबह करीब सात बजे राहगीरों ने बस स्टॉप से थोड़ी दूर स्थित छपरतल्ला तालाब में एक शव उतराता देखा। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। युवक का शव पुलिस ने बाहर निकलवाया। साथ में बालिका का शव भी था। परिवारजन ने दोनों की शिनाख्त शिवम और आरोही के रूप में की। 

पुलिस जता रही दुर्घटना की आशंका 

घटना के पीछे पुलिस दुर्घटना का अंदेशा जता रही है। सीओ रविशंकर प्रसाद के मुताबिक कल रात परिवारजन ने दो बच्चों के गायब होने की सूचना दी थी। पूरी रात पुलिस और पीआरवी वैन को सक्रिय कर काफी देर तक आस-पास के इलाकों में छानबीन की गई। दोनों का शव सुबह बरामद हो गया है। दोनों साइकिल से जा रहे होंगे। सामने से कोई वाहन आ रहा होगा, जिसके बचाव में दोनों बच्चे अनियंत्रित होकर तालाब में गिरकर दुर्घटना का शिकार हो गए।

 

शव मिलने के बाद कोहराम मचा

शव मिलने के बाद परिवारजन का रो-रो कर बुरा हाल था। पड़ोसी व शुभचिंतक पीड़ित परिवार को सांत्वना दे रहे थे। आरोही की बड़ी बहनें मालवी, प्रतिज्ञा तथा छोटी बहन खुशी अपनी बहन का शव देखकर चीख-चीख कर रो रही थीं। विधायक नरेन्द्र सिंह वर्मा, भाजपा नेता भूपेन्द्र जैन, अम्ब्रीश गुप्त ने भी सांत्वना दी।

chat bot
आपका साथी