Dainik Jagran Impact : लखनऊ में बेतरतीब सड़कें खोदने पर कार्रवाई, जल निगम के परियोजना प्रबंधक समेत छह पर FIR

Dainik Jagran Impact दैनिक जागरण ने दिखाया था लोगों की दिक्कत का आईना। वजीरगंज कोतवाली में नगर निगम के जोनल अधिकारी ने दर्ज कराई एफआइआर। जल निगम गोमती प्रदूषण परियोजना प्रबंधक सहायक प्रबंधक व ठेकेदार भी नामजद।

By Divyansh RastogiEdited By: Publish:Mon, 14 Dec 2020 11:52 PM (IST) Updated:Tue, 15 Dec 2020 06:29 AM (IST)
Dainik Jagran Impact : लखनऊ में बेतरतीब सड़कें खोदने पर कार्रवाई, जल निगम के परियोजना प्रबंधक समेत छह पर FIR
Dainik Jagran Impact : दैनिक जागरण ने दिखाया था लोगों की दिक्कत का आईना।

लखनऊ, जेएनएन। Dainik Jagran Impact : नगर निगम के जोनल अधिकारी-एक दिलीप कुमार श्रीवास्तव ने जल निगम गोमती प्रदूषण परियोजना प्रबंधक पीयूष कुमार मौर्य व सहायक परियोजना प्रबंधक निर्मेश कुमार समेत छह लोगों के खिलाफ सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम समेत अन्य धाराओं में एफआइआर दर्ज कराई है। इन दोनों अधिकारियों के अलावा आरोपितों में ठेकेदार कविश गुप्ता, हरेंद्र कुमार विजय कुमार यादव और रोहित कुमार गुप्ता भी नामजद हैं। 

नगर निगम के जोनल अधिकारी का आरोप है कि सार्वजनिक मार्ग पर अनाधिकृत तौर पर आरसीसी पाइप डालकर आरोपितों ने न केवल यातायात बाधित किया है, बल्कि प्रदूषण फैलाने एवं सफाई में भी अव्यवस्था फैलाई है। तहरीर के मुताबिक, जल निगम के लखनऊ प्रखंड जोन-एक हजरतगंज इलाके में कई जगहों पर आरसीसी निर्मित पाइप बेतरतीब ढंग से सड़क किनारे रखे गए हैं। यही नहीं, बीएन रोड पर भी आरसीसी निर्मित पाइप रखे हुए हैं। जगह-जगह सड़क पर खोदाई कर दी गई है। नगर निगम ने गड्ढों के समतलीकरण एवं सड़क किनारे रखे पाइपों को हटवाने के लिए कई बार विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों व ठेकेदारों को अवगत कराया गया। बावजूद इसके जल निगम के अधिकारियों और ठेकेदार ने कोई सुनवाई नहीं की। इससे कैसरबाग, हजरतगंज, अमीनाबाद और वजीरगंज के कई इलाकों में साफ सफाई अवरुद्ध हो गई। कई दिनों से जाम की स्थिति भी उत्पन्न हो रही है और पर्यावरण प्रदूषित हो रहा है। 

दैनिक जागरण ने इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद नगर निगम व अन्य विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने मामले को गंभीरता से लिया। मामले में पीयूष कुमार मौर्या, निर्मेश कुमार, हरेंद्र कुमार, कविश गुप्ता, विजय कुमार पांडेय और रोहित कुमार गुप्ता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। हालांकि, आरोप है कि पुलिस ने इस प्रकरण में रिपोर्ट दर्ज कर ली है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। बताया जा रहा है कि पुलिस इसमें फाइनल रिपोर्ट लगाने की तैयारी कर रही है। 

chat bot
आपका साथी