Oxygen Cylinder Blast in Lucknow: ऑक्सीजन रिफीलिंग में फटा सिलेंडर, तीन मजदूरों की मौत; 10 से ज्यादा घायल

Oxygen Cylinder Blast in Lucknow लखनऊ के चिनहट स्थित केटी ऑक्सीजन प्लांट में सिलेंडर फटने से भीषण ब्लास्ट हो गया। जिससे वहां काम कर रहे 10 से ज्यादा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए वहीं तीन की मौत हो गई है। घायलों को गोमतीनगर स्थित लोहिया अस्पताल भेजा गया।

By Rafiya NazEdited By: Publish:Wed, 05 May 2021 04:38 PM (IST) Updated:Thu, 06 May 2021 01:21 AM (IST)
Oxygen Cylinder Blast in Lucknow: ऑक्सीजन रिफीलिंग में फटा सिलेंडर, तीन मजदूरों की मौत; 10 से ज्यादा घायल
Oxygen Cylinder Blast in Lucknow: लखनऊ के चिनहट स्थित ऑक्सीजन प्लांट में रिफीलिंग के दौरान ब्लास्ट, कई घायल।

लखनऊ, जेएनएन। Oxygen Cylinder Blast in Lucknow: चिनहट में देवा रोड के पास बीआर दुबे एन्क्लेव में बुधवार को केटी वेल्डिंग स्टोर ऑक्सीजन लिक्विड प्लांट में अचानक विस्फोट हो गया। भीषण विस्फोट में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। घायलों की हालत नाजुक है, जिनका लोहिया अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है। पुलिस आयुक्त डीके ठाकुर के मुताबिक अब तक छानबीन में सामने आया है कि सिलेंडर में ऑक्सीजन भरते समय विस्फोट हुआ था। जिस सिलेंडर में गैस भरा जा रहा था, उसमें खराबी की बात सामने आई है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, प्लांट के बाहर करीब 50 से अधिक लोग सिलेंडर लेकर ऑक्सीजन भरवाने आए थे। प्लांट का कर्मचारी एक सिलेंडर में ऑक्सीजन भर रहे थे। इसी बीच अचानक सिलेंडर फट गया। हादसे में प्लांट में काम करने वाले बाराबंकी निवासी त्रिभुवन यादव और अरुण पांडेय की मौत हो गई वहीं, सिलेंडर भरवाने आए तीमारदार विकासनगर निवासी दीपू कनौजिया भी विस्फोट की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से घायल होने के कारण दीपू की भी मौत हो गई।

यही नहीं, वहां मौजूद बाराबंकी निवासी अंकुर सिंह, फतेहपुर निवासी आशीष कुमार, सीतापुर निवासी नीरज, अयोध्या निवासी राजबली और विकासनगर निवासी आकाश यादव और पवन शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, अंकुर के दोनों पैर में गंभीर चोट है। वहीं, आशीष कुमार के बाएं पैर, हाथ व जांघ में, नीरज के आंख व पैर में, राजबली के बाएं हाथ व में और आकाश के दाएं कंधे में गंभीर चोट हैं।

सिलेंडर छोड़ भागे तीमारदार

विस्फोट इतना तेज था कि प्लांट की छत का हिस्सा उड़ गया। कई सिलेंडर छिटक के दूर जा गिरे। लाइन में लगे तीमारदारों में भगदड़ मच गई, जिसमें कई लोग मामूली रूप से घायल हो गए।

आसपास के मकान में रहने वाले लोग भी घरों से बाहर निकल आए। ऑक्सीजन भराने आए लोग सिलेंडर छोड़कर भाग निकले। इस बीच बड़ी संख्या में पुलिस बल वहां पहुँची और भीड़ को प्लांट से दूर किया।मलबा हटाकर घायलों को निकाला पुलिस जब प्लांट में पहुँची तो वहां चीख-पुकार मची हुई थी। ऑक्सीजन सिलेंडर और मलबे के नीचे कर्मचारी व तीमारदार दबे हुए थे। पुलिस ने रेस्क्यू अभियान शुरू कर लोगों को मलबे से बाहर निकाला। इस दौरान वहां का दृश्य भयावह था। हर तरफ खून के छींटे थे और मानव अंग भी बिखरे हुए थे। पुलिस जीप और एम्बुलेंस में घायलों को लादकर लोहिया अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर घायलों को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस व दमकल विभाग की टीम घटनास्थल पर साक्ष्य संकलन कर रही है। 

मुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चिनहट के ऑक्सीजन प्लांट में रिफीलिंग के दौरान सिलेंडर फटने की दुर्घटना का संज्ञान लिया। उन्होंने हादसे में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री जी ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने दुर्घटना के कारणों की जांच किये जाने के निर्देश भी दिये हैं।

सिलेंडर में डिफेक्ट से हुआ ब्लास्ट: पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर ने बताया कि केटी गैस प्लांट चिनहट में लगभग डेढ़ घंटे पहले ऑक्सीजन गैस सिलेंडर भरे जा रहे थे। उसमें से एक सिलेंडर में विस्फोट हो गया। उससे तीन लोगों की मौत हो गई है एक गंभीर है। चार और गंभीर रूप से घायल है जिन्हें ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। अभी तक मिली जानकारी के अनुसार, सिलेंडर में कुछ डिफेक्ट था, अभी तकनीकी टीम जांच कर रही है। यहां के स्टाफ के साथ घटना हुई है। 

chat bot
आपका साथी