Covid Cases in UP: कोविड का रिकवरी रेट 91 प्रतिशत पहुंचा, 24 घंटे में मिले 8737 नए संक्रमित; 255 की मौत

Covid Cases in UP प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह पर ट्रैक टेस्ट और ट्रीट का फॉर्मूला लागू करने का व्यापक असर दिख रहा है। प्रदेश में बीते 18 दिन से कोरोना वायरस संक्रमण के नए केस मिलने की संख्या में काफी गिरावट आई है।

By Dharmendra PandeyEdited By: Publish:Tue, 18 May 2021 04:49 PM (IST) Updated:Wed, 19 May 2021 12:40 AM (IST)
Covid Cases in UP: कोविड का रिकवरी रेट 91 प्रतिशत पहुंचा, 24 घंटे में मिले 8737 नए संक्रमित; 255 की मौत
24 घंटे में 8737 नए संक्रमित केस मिले हैं, जबकि 255 लोगों की मौत हो गई

लखनऊ, जेएनएन। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस संक्रमण के तेजी से बढ़ते संक्रमण के खिलाफ बड़ी जंग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह पर ट्रैक, टेस्ट और ट्रीट का फॉर्मूला लागू करने का व्यापक असर दिख रहा है। प्रदेश में बीते 18 दिन से कोरोना वायरस संक्रमण के नए केस मिलने की संख्या में काफी गिरावट आई है। प्रदेश में 24 घंटे में 8737 नए संक्रमित केस मिले हैं, जबकि 255 लोगों की मौत हो गई है।

अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में कोरोना वायरस की रिकवरी दर लगातार बढ़ रही है। कोरोना वायरस के तेजी से बढ़ते संमक्रण पर सरकार ने अंकुश लगाया है। बीते 24 घंटे में 8737 ही नए संक्रमित मिले हैं, जबकि 30 अप्रैल तक यह संख्या तीस हजार से ऊपर रहती थी। प्रदेश में एक्टिव केस में भी 56 प्रतिशत की गिरावट आई है, जबकि रिकवरी दर 90.60 प्रतिशत हो गई है। कोरोना संक्रमण के कारण प्रदेश में बीते 24 घंटे में 255 लोगों की मौत हो गई है। अब पॉजिटिविटी दर 3.2 प्रतिशत हो गई है। यह संख्या 24 अप्रैल, 2021 को संसूचित 38 हजार मामलों से लगभग 29 हजार कम है। पिछले 24 घंटों में 23,045 संक्रमित व्यक्ति उपचार के बाद डिस्चार्ज किये गए हैं।

कोरोना के लक्षणयुक्त व्यक्तियों की पहचान के लिए बीते 24 घंटे के दौरान सूबे में 279581 नमूनों की जांच की गई। प्रदेश में कोविड के सक्रिय केस की संख्या लगातार कम होकर अब 136342 रह गई है। प्रदेश में कोरोना संक्रमण से रिकवरी की दर बढ़कर 90.6 प्रतिशत हो गई है। बीते कुछ दिनों की तुलना में मंगलवार को कोरोना से होने वाली मौतों की संख्या में भी कमी दर्ज की गई। प्रदेश में कोविड के 255 मरीजों ने दम तोड़ा। 20 मरीजों ने मेरठ में जान गंवाई जबकि लखनऊ में 19, कानपुर में 12, सहारनपुर में 11 और आगरा में 10 मौतें हुईं।

अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि सरकार का फोकस वैक्सीनेशन पर बढ़ गया है। अब तक 1,19,42,983 लोगों को वैक्सीन की पहली डोज दी जा चुकी है। सोमवार से 23 जिलों में 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए भी वैक्सीनेशन का काम चल रहा है। प्रदेश में 32,81,544 लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज भी दी गई है। अब तक 18 से 45 वर्ष के बीच आयु वर्ग के 5,27,193 लोगों को वैक्सीन की डोज दी जा चुकी है।

अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल ने बताया कि प्रदेश में कोविड बेड के साथ ही मेडिकल ऑक्सीजन व दवा की कमी भी नही है। अब तो हवा से ऑक्सीजन बनाने वाले लगभग 300 से अधिक प्लांट प्रदेश में लग रहे हैं। इसके साथ ही प्रदेश में 20 मई से 3,30,00,000 के करीब राशन कार्ड धारकों को नि:शुल्क राशन दिया जाएगा। अब प्रदेश में संगठित और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को हर महीने 1,000 रुपए की आर्थिक सहायता भी दी जाएगी।  

इन जिलों में कोविड के सर्वाधिक नए मामले लखनऊ : 502 मेरठ : 453 सहारनपुर : 374 गौतम बुद्ध नगर : 345 मुजफ्फरनगर : 337 वाराणसी : 322 गोरखपुर : 295 गाजियाबाद : 289 देवरिया : 263 बुलंदशहर : 250

chat bot
आपका साथी