Tika Utsav in UP: टीका उत्सव के दौरान लखनऊ के कई अस्पतालों में COVAXIN खत्म होने से लौट रहे लाभार्थी

उत्तर प्रदेश में एक तरफ वैक्सीनेशन उत्सव मनाया जा रहा है और लोगों को अधिक से अधिक संख्या में टीकाकरण कराने को प्रेरित किया जा रहा है लेकिन दूसरी तरफ अव्यवस्था का आलम यह है की वैक्सीन की डोज ही खत्म हो चुकी है।

By Rafiya NazEdited By: Publish:Mon, 12 Apr 2021 11:32 AM (IST) Updated:Mon, 12 Apr 2021 03:02 PM (IST)
Tika Utsav in UP: टीका उत्सव के दौरान लखनऊ के कई अस्पतालों में COVAXIN खत्म होने से लौट रहे लाभार्थी
लखनऊ के अस्पतालों में को-वैक्सीन खेप खत्म होने से लौट रहे लाभार्थी।

लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के बीच में सरकार में चार दिवसीय टीका उत्सव शुरू किया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ के कई केंद्र पर इसका निरीक्षण भी किया, लेकिन सोमवार को लखनऊ के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) अस्पताल व रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल में को-वैक्सीन उपलब्ध न होने से सैकड़ों लोग वापस हो गए। 

प्रदेश में एक तरफ कोरोना के कहर से बचाने के लिए टीका उत्सव मनाया जा रहा है और लोगों को अधिक से अधिक संख्या में टीकाकरण कराने को प्रेरित किया जा रहा है, लेकिन दूसरी तरफ अव्यवस्था का आलम यह है कि लखनऊ में ही को-वैक्सीन की डोज ही खत्म हो चुकी है। यहां के सिविल अस्पताल में अब तक लाभार्थियों को को-वैक्सीन लगाई जा रही थी। इसी तरीके से रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल में भी को-वैक्सीन दी जा रही थी। मगर दो दिनों से यहां पर को-वैक्सीन खत्म हो चुकी है। लिहाजा सैकड़ों मरीज वापस हो रहे हैं। 

सोमवार सुबह भी सिविल अस्पताल व आरएलबी अस्पताल से 100 से ज्यादा लोग कोवैक्सीन नहीं होने से वापस चले गए। सबसे ज्यादा दिक्कत उन लोगों को हो रही है जो को- वैक्सीन की पहली डोज ले चुके हैं। लिहाजा उन्हेंं दूसरी डोज के लिए बुलाया गया था। वह को-वैक्सीन के अलावा दूसरी वैक्सीन की डोज भी नहीं ले सकते। इसी कारण अब उनके पास वापस लौटने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं है। 

टीकाकरण उत्सव के पहले दिन भी सिविल अस्पताल से सबसे ज्यादा लोग को वैक्सीन नहीं होने से लौट गए थे। वहीं रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल में भी काफी संख्या में लोग वापस हुए थे। डॉक्टरों ने कहा था कि सोमवार को कोवैक्सीन आ जाएगी। लिहाजा भारी तादाद में दूसरी डोज लेने के लिए फिर सिविल अस्पताल और आरएलबी अस्पताल में सुबह लोग पहुंचे, लेकिन उन्हेंं जानकारी हुई कि को-वैक्सीन नहीं है। इसलिए को-वैक्सीन की पहली डोज ले चुके सभी लोग वापस हो गए। हालांकि करीब 11:00 बजे सिविल अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग ने को-वैक्सीन की डोज भेज दी। इसके बाद लोगों को फिर से वैक्सीन लगना शुरू हो गई है। 

गोमती नगर निवासी भरत सिंह ने बताया कि वह आरएलबी में आज टीका लगवाने गए थे। मगर वैक्सीन नहीं होने से लौट गए। उन्हेंं दूसरी डोज के लिए दो दिन पहले ही बुलाया गया था। लगातार तीन दिनों से अस्पताल जा रहे हैं। उनके साथ के कई अन्य लोग भी जो को-वैक्सीन की डोज ले चुके थे, दूसरी डोज नहीं मिलने से वापस आ गए। वहीं सिविल अस्पताल के डॉक्टर एनबी सिंह ने बताया कि सुबह तक वैक्सीन नहीं थी, लेकिन 11:00 बजे को-वैक्सीन की डोज आ चुकी है। अब मरीजों को दी जा रही है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ एमके सिंह ने बताया कि को-वैक्सीन की कमी अब नहीं होगी।

chat bot
आपका साथी