सीतापुर में खेत गए दंपती पर धारदार हथियार से हमला, हालत गंभीर
सीतापुर के सदरपुर थाना क्षेत्र में संजय अपनी पत्नी के साथ खेत गए थे। वहां पांच लोगों से उनकी अनबन हो गई। विपक्षियों ने दंपती पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सीतापुर, जेएनएन। सदरपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह खेत गए दंपती पर हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला बोल दिया। हमले में दंपती लहूलुहान है। पति-पत्नी दोनों के शरीर में कई जगह घाव हो गए हैं। महिला के दाहिने वक्ष पर भी धारदार हथियार लगने से गहरा घाव हो गया है। परिवारजन ने आनन-फानन उन्हें बिसवां सीएचसी में लाकर भर्ती कराया, जहां प्रारंभिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए दंपती को जिला अस्पताल रेफर किया है।
घटना सुबह छह बजे की बताई जा रही है। लोनियनपुरवा गांव के निवासी दंपती संजय और उसकी पत्नी सुनीता खेत में गए थे, खेत में उनकी मेंथा की फसल लगी हुई है। वही मौजूद गांव के पांच लोगों से उनकी कुछ बातचीत हुई। इसी दौरान खेत में काम कर रहे पांचों विपक्षियों ने संजय और सुनीता पर धारदार हथियार से हमला बोल दिया। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इलाज के लिए घायल दंपती को बिसवां लेकर आए रिश्तेदार घटना का कारण तो नहीं बता पाए लेकिन, रिश्तेदारों ने बताया कि संजय के तीन बच्चे हैं। तीनों बच्चे अभी 10 वर्ष की आयु से भी कम के हैं। यह लोग सुबह मेंथा फसल के खेत में काम करने के लिए गए थे, जहां उन पर हमला हुआ है।
संजय को दो, उसकी गर्भवती पत्नी के लगे छह घाव : बिसवां सीएचसी में घायल दंपत्ति का इलाज कर रहे डॉक्टर कामरान ने बताया कि घायल संजय और उसकी पत्नी संगीता को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। दोनों की हालत गंभीर है। उन्होंने बताया कि संजय के शरीर में दो जगह घाव हैं। इसमें एक घाव चेहरे पर और दूसरा घाव पेट के दाहिने हैं। संगीता के शरीर में कुल छच घाव लगे हैं। इसमें एक घाव दाहिने वक्ष पर है। इसके अलावा दाएं हाथ और पेट में घाव लगे हैं। संगीता करीब सात महीने की गर्भवती भी है।
आरोपितों की तलाश में लगी पुलिस
सदरपुर थानाध्यक्ष अमित सिंह भदौरिया ने बताया कि लोनियन पुरवा में दंपती के घायल होने के मामले में वह संबंधित आरोपितों की तलाश में लगे हैं। मामले की जानकारी कर रहे हैं। अभी किसी तरफ से कोई तहरीर नहीं आई है।तहरीर मिलने के बाद आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा लिखा जाएगा।