लखनऊ के लक्ष्मणपुरी जुगौली क्रासिंग से निगम ने हटवाई डेयरी, दिन भर के जाम से मिलेगी राहत

लखनऊ नगर निगम ने लक्ष्मणपुरी के जुगौली क्रॉसिंग पर रोजाना जाम का कारण बनने वाली डेयरी को हटवा दिया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अब तक इस डेयरी को नगर निगम स्थानीय विधायक और पुलिस थाना की कृपा से चलाया जा रहा था।

By Dharmendra MishraEdited By: Publish:Tue, 07 Dec 2021 11:13 AM (IST) Updated:Tue, 07 Dec 2021 01:13 PM (IST)
लखनऊ के लक्ष्मणपुरी जुगौली क्रासिंग से निगम ने हटवाई डेयरी, दिन भर के जाम से मिलेगी राहत
नगर निगम ने आखिरकार हटवाई जुगौली क्रॉसिंग से डेयरी और भैंसें। लोगों को जाम से मिलेगी राहत।

लखनऊ, जागरण संवाददाता।  लखनऊ नगर निगम ने लक्ष्मणपुरी के जुगौली क्रॉसिंग पर रोजाना जाम का कारण बनने वाली डेयरी को हटवा दिया है। निगम कर्मचारी डेयरी की भैंसों से अपने वाहन में ले गए। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल भी मौजूद था। स्थानीय लोगों का आरोप था कि इस डेयरी को नगर निगम, स्थानीय विधायक और पुलिस थाना की कृपा से चलाया जा रहा था। इसीलिए लोगों की बार-बार शिकायत के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हो रही थी। 

जुगौली क्रॉसिंग पर डेयरी की भैंसें रेलवे लाइन के बगल ही चरने को छोड दी जाती थीं। ऐसे में वह सुबह से शाम तक वहीं रहती थीं। इससे दिन भर इलाके में जाम लगा रहता था। इनकी वजह से क्षेत्र में कई हादसे भी हो चुके थे और हर वक्त दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। स्थानीय लोग इसकी वजह से परेशान रह रहे थे। यहां वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग जाती थीं और लोगों का निकल पाना दुर्लभ हो जाता था। ऐसे में कई घंटे तक लोगों का महत्वपूर्ण वक्त यहीं जाया हो जाता था।

खासकर बीमारों, स्कूली बच्चों और दफ्तर आने-जाने वाले लोगों को जाम में फंसने से सबसे अधिक परेशानी हो रही थी। बीमार समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाते थे, बच्चों को स्कूल में पहुंचने में देरी हो जाया करती थी और दफ्तर के लोगों को विलंब होने से वहां डांट सुननी पड़ती थी। आवागमन पूरी तरह बाधित रहता था। यहां वाहन घंटों तक रेंगते रहते थे। भीषण जाम लगे रहने की वजह से लोगों में आपस में झगड़े भी हो जाते थे। कई बार मारपीट की नौबत भी आ चुकी थी। इन सबके बावजूद नगर निगम कोई कार्रवाई नहीं कर रहा था। धीरे-धीरे इलाके के लोग लामबंद होने लगे तो कार्रवाई के लिए मजबूर होना पड़ा। अब डेयरी और वहां रह रही भैंसों के हटने से लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।

chat bot
आपका साथी