COVID-19 : गंगा-यमुना में नहीं मिले कोरोना वायरस, UP व बिहार में 13 जगह से लिये गए थे सैंपल

भारतीय विष विज्ञान अनुसंधान संस्थान (आइआइटीआर) के वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर प्रदेश और बिहार में 13 जगहों से लिए गए गंगा यमुना के नमूनों में कोरोना वायरस नहीं मिला। वैज्ञानिकों ने यह नमूने मई और जून माह में लिए थे।

By Rafiya NazEdited By: Publish:Sat, 11 Sep 2021 09:00 AM (IST) Updated:Sat, 11 Sep 2021 03:48 PM (IST)
COVID-19 : गंगा-यमुना में नहीं मिले कोरोना वायरस, UP व बिहार में 13 जगह से लिये गए थे सैंपल
गंगा-यमुना के पानी में नहीं मिले कोरोना वायरस।

लखनऊ, जागरण संवाददाता। गंगा यमुना में विभिन्न नालों के प्रवाहित होने और तथाकथित रूप से कोरोना संक्रमितों का शव बहाए जाने की खबरों से देश भर में हलचल मच गई थी। वहीं अब वैज्ञानिकों की जांच से राहत भरी खबर आई है। भारतीय विष विज्ञान अनुसंधान संस्थान (आइआइटीआर) के वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर प्रदेश और बिहार में 13 जगहों से लिए गए गंगा यमुना के नमूनों में कोरोना वायरस नहीं मिला। वैज्ञानिकों ने यह नमूने मई और जून माह में लिए थे।

यहां से लिए गए नमूने: यूपी में कन्नौज, उन्नाव, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, मिर्जापुर, गाजीपुर, बलिया, पटना, बक्सर, सरन, भोजपुर से बहने वाली गंगा नदी से पानी के नमूने लिए गए। वहीं यूपी के हमीरपुर जिले से बहने वाली युमना नदी से पानी का नमूना लिया गया। आइआइटीआर के निदेशक प्रोफेसर एसके बारिक ने बताया कि सभी 13 जगहों से लिए गए नमूनों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। मई और जून में दो बार उन जगहों से पानी के नमूने लिए गए थे। मगर दोनों बार पानी में कोरोना वायरस की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट दिल्ली में उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है।

33 जिलों में एक भी कोविड मरीज नहीं: बता दें कि उत्तर प्रदेश के 33 जिलों में कोविड का एक भी मरीज नहीं बचे हैं। इन जिलों में अलीगढ़, अमरोहा, अयोध्या, बागपत, बलिया, बलरामपुर, बांदा, बस्ती, बहराइच, भदोही, बिजनौर, चंदौली, चित्रकूट, देवरिया, एटा, फतेहपुर, गाजीपुर, गोंडा, हमीरपुर, हापुड़, हरदोई, हाथरस, कासगंज, ललितपुर, महोबा, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, पीलीभीत, रामपुर, सहारनपुर, शामली, सिद्धार्थ नगर और सोनभद्र शामिल हैं। राज्य में अब तक सात करोड़ 44 लाख 95 हजार 406 कोविड सैम्पल की जांच की जा चुकी है। प्रदेश में अब तक 16 लाख 86 हजार 457 प्रदेशवासी कोरोना संक्रमण से मुक्त होकर स्वस्थ हो चुके हैं। कोविड टेस्टिंग में 67 जिलों में कोई भी नया पाजिटिव केस नहीं मिला। पिछले 24 घंटे में दो लाख 30 हजार 740 सैम्पल टेस्टिंग में 10 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई है। मात्र आठ जिलों में ही नए मरीज मिले। इसी अवधि में 16 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज भी हुए। वहीं राजधानी लखनऊ में बीते 24 घंटे में कोरोना का एक संक्रमित मरीज मिला। वहीं, तीन लोगों को डिस्चार्ज किया गया। वर्तमान में सक्रिय मामलों की संख्या 15 है।

chat bot
आपका साथी