Coronavirus Update : यूपी 112 मुख्यालय में फिर कोरोना वायरस संक्रमण का कहर, दो दिन के लिए सील

Coronavirus Update राजधानी लखनऊ के यूपी 112 मुख्यालय में एक बार फिर कोरोना का कहर सामने आया है। 112 मुख्यालय के 12 कर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Tue, 11 Aug 2020 07:44 PM (IST) Updated:Tue, 11 Aug 2020 07:49 PM (IST)
Coronavirus Update : यूपी 112 मुख्यालय में फिर कोरोना वायरस संक्रमण का कहर, दो दिन के लिए सील
Coronavirus Update : यूपी 112 मुख्यालय में फिर कोरोना वायरस संक्रमण का कहर, दो दिन के लिए सील

लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के पुलिस विभाग में भी कोरोना वायरस के संक्रमण की रफ्तार लगातार बढ़ती जा रही है। राजधानी लखनऊ के यूपी 112 मुख्यालय में एक बार फिर कोरोना का कहर सामने आया है। 112 मुख्यालय के 12 कर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, जिनमें तीन पुलिसकर्मी और नौ तकनीकी टीम के कर्मी शामिल हैं। एडीजी 112 असीम अरुण ने बताया कि 112 मुख्यालय के मुख्य भवन को 48 घंटों के लिए सील कर सैनीटाइजेशन कराया जा रहा है। 40 अन्य कर्मियों के भी कोरोना टेस्ट कराए गए हैं।

नौ अगस्त को 112 मुख्यालय में कार्यरत महिला आरक्षी समेत दो कर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे, जिसके बाद 49 कर्मियों के टेस्ट कराए गए थे, जिनमें 12 कर्मी संक्रमित पाए गए। ध्यान रहे, करीब डेढ़ माह पूर्व भी कोरोना संक्रमण के चलते 112 मुख्यालय को सील किया गया था। सूबे में अब तक 5,588 से अधिक पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें 2388 पुलिसकर्मी कोरोना से जंग लड़ रहे हैं, जबकि 3185 ने कोरोना को मात दी है। कोरोना से अब तक 16 पुलिस अधिकारियों व कर्मियों की जान जा चुकी है। वहीं 112 मुख्यालय में अब तक करीब 80 कर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए जा चुके हैं।

पांच मिनट तक करना होगी इंतजार : 112 मुख्यालय को सील किए जाने के बाद अब लोगों को पुलिस की मदद मांगने के लिए पांच मिनट तक की कॉल वेटिंग का सामना करना पड़ सकता है। 112 मुख्यालय, गाजियाबाद व प्रयागराज केंद्रों में वर्तमान में कॉल टेकर की कमी होने के चलते लोगों को यह असुविधा होगी।

वॉट्सएप पर मांगे पुलिस की मदद : एडीजी 112 असीम अरुण के अनुसार लोग वॉट्सएप नंबर 7570000100 पर भी पुलिस की मदद मांगी जा सकती है। इसके अलावा ट्विटर और फेसबुक के जरिए भी पुलिस की मदद हासिल की जा सकती है। लोग 7233000100 नंबर पर एसएमएस के जरिए भी पुलिस को सूचना दे सकते हैं।

chat bot
आपका साथी