Corona Virus in UP: मथुरा में विदेशी नागरिकों के लगातार कोविड पॉजिटिव होने से खलबली, आठ संक्रमित

Corona Virus in UP मथुरा में आस्ट्रिया स्पेन व स्विट्जरलैंड से पर्यटक वृंदावन भ्रमण पर आए थे। इनमें से पहले चरण में तीन विदेशी कोरोना वायरस से संक्रमित हुए। इसके बाद दो और तीन विदेशी नागरिकों के संक्रमित होने से जिले में खलबली मच गई।

By Dharmendra PandeyEdited By: Publish:Tue, 30 Nov 2021 04:41 PM (IST) Updated:Tue, 30 Nov 2021 04:41 PM (IST)
Corona Virus in UP: मथुरा में विदेशी नागरिकों के लगातार कोविड पॉजिटिव होने से खलबली, आठ संक्रमित
सभी को होम आइसोलेशन में रखा गया है। यहां पर डॉक्टर्स उनकी निगरानी में लगे हैं

मथुरा, जेएनएन। ओमिक्रोन को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार की सतर्कता के बीच में भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा में विदेशी नागरिकों के लगातार कोरोना पॉजिटिव होने से खलबली मची है। यहां पर 15 विदेशी नागरिकों का एक दल भ्रमण पर आया था, अब तक इसके आठ सदस्य कोरोना वायरस संक्रमण की चपेट में हैं।

मथुरा में आस्ट्रिया, स्पेन व स्विट्जरलैंड से पर्यटक वृंदावन भ्रमण पर आए थे। इनमें से पहले चरण में तीन विदेशी कोरोना वायरस से संक्रमित हुए। इसके बाद दो और तीन विदेशी नागरिकों के संक्रमित होने से जिले में खलबली मच गई। इन सभी में अभी नए वैरिएंट की पुष्टी नही हुई है। सभी को होम आइसोलेशन में रखा गया है। यहां पर डॉक्टर्स उनकी निगरानी में लगे हैं।

मथुरा में वृंदावन घूमने आए विदेशी नागरिकों के दल में पहले एक महिला संक्रमित हो गई। इसके बाद तीन दिन में अन्य सात लोग चपेट में आ गए। पहले ऑस्ट्रिया की रहने वाली 41 वर्ष की एक महिला संक्रमित हो गई।

मथुरा में रैपिड रिस्पॉन्स टीम के प्रभारी डॉ. भूदेव सिंह ने बताया कि सोमवार को आरटीपीसीआर टेस्ट में एक और विदेशी नागरिक में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इससे पहले शनिवार और रविवार को स्पेन, स्विट्जरलैंड और ऑस्ट्रिया से आए विदेशी नागरिक भी कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। इस हफ्ते लगातार कोविड के मामले मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि वृंदावन में शीतल छाया में बाहर से आए विदेशी नागरिक कोविड पॉजिटिव पाए जा रहे हैं। आठ विदेशी नागरिक अभी तक इस हफ्ते में कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं। यह सभी यूरोपीय देशों से हैं। सभी वृंदावन घूमने आए थे। जब अपने देश लौट रहे थे तब कोरोना टेस्ट में उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जिसके बाद सभी आइसोलेशन में भेज दिया गया है. उन सभी को वृंदावन में शीतल छाया में गिरिधर आश्रम में रखा गया है। उस इलाके को कंटेन्मेंट जोन घोषित कर दिया गया है।

दक्षिण अफ्रीका समेत कई देशों में ओमिक्रान वैरिएंट के मामले सामने आने के बाद मथुरा के जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने अलर्ट जारी किया था। उन्होंने कहा था कि क्योंकि वृंदावन में भारी संख्या में विदेशी घूमने आते हैं, इसलिए कड़ी निगरानी करनी होगी। यूरोपीय देशों का 15 लोगों का दल वृंदावन घूमने के लिए 15 नवंबर को आया था। इन लोगों को 21 को वापस जाना था लेकिन, कई सदस्य यहां रुक गए। इसके बाद कुछ सदस्य वापस चले गए, जबकि कुछ रह गए। अब इन लोगों ने वापस अपने देश लौटने से पहले एयरपोर्ट पर कोविड रिपोर्ट दिखाने के लिए टेस्ट कराया तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई।

उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह ने बताया कि हमारे देश में अभी ओमिक्रोन का एक भी केस नहीं आया है जो एक-दो केस हैं, उसका अभी पता नहीं चल पा रहा है कि वो ओमिक्रोन ही है। हमने इसके लिए तैयारी की है। उत्तर प्रदेश में बाहर से आए सभी यात्रियों का आरटीपीसीआर टेस्ट करना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि हमने कहा कि यात्रियों को सात दिन के लिए क्वारंटीन कर जांच की जाए और उनकी ट्रैवल हिस्ट्री भी निकाली जाए। हमने सभी सीएमओ और उनसे संबंधित लोगों को दिशानिर्देश दे दिया है। हम टेस्टिंग संख्या को भी बढ़ा रहे हैं।  

chat bot
आपका साथी