COVID-19 in UP: दस राज्यों में अलर्ट के बीच UP में दस जिले कोरोना संक्रमण से मुक्त, 24 घंटे में मिले 36 नए संक्रमित

Corona Virus in UP उत्तर प्रदेश के 75 में से दस जिले कोरोना संक्रमण से मुक्त हो चुके हैं।प्रदेश के अलीगढ़ अमरोहा हाथरस एटा फर्रुखाबाद कासगंज कौशाम्बी महोबा प्रतापगढ़ और श्रावस्ती में अब एक भी कोरोना संक्रमित नहीं है। यह जनपद आज कोविड संक्रमण से मुक्त हैं।

By Dharmendra PandeyEdited By: Publish:Sun, 01 Aug 2021 03:47 PM (IST) Updated:Mon, 02 Aug 2021 12:05 AM (IST)
COVID-19 in UP: दस राज्यों में अलर्ट के बीच UP में दस जिले कोरोना संक्रमण से मुक्त, 24 घंटे में मिले 36 नए संक्रमित
देश के बड़े राज्यों में कोरोना वायरस का संक्रमण एक बार फिर जोर पकड़ रहा है

लखनऊ, जेएनएन। देश की सर्वाधिक जनसंख्या वाले राज्य उत्तर प्रदेश में वैश्विक महामारी कोरोना वायरस का संक्रमण प्रभावी नियंत्रण में है। एक ओर जहां देश के बड़े राज्यों में कोरोना वायरस का संक्रमण एक बार फिर जोर पकड़ रहा है, वहीं उत्तर प्रदेश में तो एक्टिव केस हर दिन कम ही होते जा रहे हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ की लगातार मॉनिटरिंग के कारण ही उत्तर प्रदेश के 75 में से दस जिले कोरोना संक्रमण से मुक्त हो चुके हैं। उत्तर प्रदेश में जहां केस दिन पर दिन लगातार कम हो रहे हैं, वहीं दस राज्यों में केस लगातार बढ़ रहे हैं।

उत्तर प्रदेश में सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर ट्रैक, टेस्ट तथा ट्रीट फार्मूला पर काम हो रहा है। प्रतिदिन दो से ढाई लाख सैंपल की टेस्टिंग की जा रही है। बीते 24 घंटे में दो लाख 48 हजार 152 कोविड सैम्पल की जांच की गई और इस दौरान 36 नए संक्रमित मिले हैं। इसी दौरान 76 लोगों को कोरोना संक्रमण से मुक्ति भी मिली है। 24 घंटे में पॉजिटिविटी दर 0.01 प्रतिशत रही। अब प्रदेश में कोरोना की रिकवरी दर 98.60 प्रतिशत है। प्रदेश में अब एक्टिव कोविड केस की संख्या 664 है। इनमें भी 452 लोग घर पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।

प्रदेश के अलीगढ़, अमरोहा, हाथरस, एटा, फर्रुखाबाद, कासगंज, कौशाम्बी, महोबा, प्रतापगढ़ और श्रावस्ती में अब एक भी कोरोना संक्रमित नहीं है। यह जनपद आज कोविड संक्रमण से मुक्त हैं। सूबे में अब तक किसी भी जिले में दोहरे अंक में नए केस की पुष्टि नहीं हुई। 52 जिलों में संक्रमण का एक भी नया केस नहीं पाया गया, जबकि 23 जनपदों में इकाई अंक में एक भी संक्रमित नहीं। अब तक प्रदेश के 16 लाख, 85,049 लोग इसके संक्रमण से मुक्त होकर स्वस्थ हो चुके हैं।

लय पर टीकाकरण अभियान

प्रदेश में शनिवार को छह लाख 16, 418 लोगों ने टीका की डोज ली। प्रदेश में अब तक कुल चार करोड़ 84 लाख 29 हजार से अधिक लोगों को कोविड वैक्सीन का लाभ दिया गया है। इनमें से भी चार करोड़, छह लाख, 36 हजार से अधिक लोगों ने कम से कम कोविड वैक्सीन की एक डोज ली है। यह किसी एक राज्य में अब तक का सर्वाधिक वैक्सीनेशन है।

दस राज्यों में हालत चिंताजनक

देश में केरल, महाराष्ट्र, कर्नाटक, असम, तमिलनाडु, ओडिशा, मिजोरम, मेघालय, आंध्र प्रदेश व मणिपुर में कोरोना वायरस संक्रमण के केस लगातार बढ़ रहे हैं। इसके बीच में केरल ने तो कम्पलीट लॉकडाउन कर दिया है जबकि अन्य राज्य भी लॉकडाउन पर विचार कर रहे हैं। केंद्र सरकार ने भी इन सभी को सख्ती बरतने का निर्देश दिया है।

chat bot
आपका साथी