यूपी में अब रात 10 बजे तक लगवा सकेंगे कोरोना वैक्सीन, एक नवंबर से शुरू किया जाएगा विशेष अभियान

उत्तर प्रदेश में अब हर जिले में एक टीकाकरण केंद्र पर सुबह आठ बजे से रात 10 बजे तक कोरोना वैक्सीन लगाई जाएगी। इस व्यवस्था से कामकाजी लोगों को वैक्सीन लगवाने में काफी राहत मिलेगी। अभी एक नवंबर से शहरी क्षेत्रों में यह सुविधा दी जाएगी।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Mon, 25 Oct 2021 07:45 PM (IST) Updated:Mon, 25 Oct 2021 07:49 PM (IST)
यूपी में अब रात 10 बजे तक लगवा सकेंगे कोरोना वैक्सीन, एक नवंबर से शुरू किया जाएगा विशेष अभियान
उत्तर प्रदेश में कोरोना से बचाव के लिए चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान में अब और तेजी लाई जाएगी।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान में अब और तेजी लाई जाएगी। इस क्रम में अब तय किया गया है कि हर जिले में एक टीकाकरण केंद्र पर सुबह आठ बजे से रात 10 बजे तक वैक्सीन लगाई जाएगी। इस व्यवस्था से कामकाजी लोगों को वैक्सीन लगवाने में काफी राहत मिलेगी। अभी एक नवंबर से शहरी क्षेत्रों में यह सुविधा दी जाएगी। आगे जरूरत के अनुसार इसका विस्तार ग्रामीण क्षेत्रों में भी होगा।

उत्तर प्रदेश के राज्य टीकाकरण अधिकारी डा. अजय घई ने बताया कि प्रत्येक जिले में जिला अस्पताल में इस विशेष टीकाकरण केंद्र को बनाए जाने की तैयारी की जा रही है। देश में अब तक सर्वाधिक 12.65 करोड़ वैक्सीन यूपी में लगाई गई है।18 वर्ष से अधिक उम्र के कुल 14.74 करोड़ लोगों को वैक्सीन लगाई जानी है। अब एक नवंबर से कलस्टर माडल का विस्तार किया जाएगा।

यूपी में शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण अभियान तेज किया जाएगा। अभी एक जिले में चार ब्लाक में ही कलस्टर माडल के तहत गांव-गांव जाकर टीमें टीका लगा रही हैं। आगे सभी ब्लाक में यह सुविधा होगी। ऐसे गांव जहां सभी लोगों ने टीके की दोनों डोज लगवा ली है, उसे कोविड सुरक्षित ग्राम और जहां सभी लोगों ने एक डोज लगवाई है, उसे प्रथम डोज संतृप्त ग्राम की संज्ञा दी जाएगी। ग्राम प्रधान सम्मानित किए जाएंगे।

रिकार्ड तीन करोड़ लोग लगवा चुके टीके की दोनों डोज : यूपी में कोरोना से बचाव के लिए चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान में अब तक तीन करोड़ लोगों को वैक्सीन की दोनों डोज लगाई जा चुकी है। टीके की दोनों डोज लगाने के मामले में भी उत्तर प्रदेश सबसे आगे है। देश में सबसे ज्यादा 12.65 करोड़ टीके प्रदेश में लगाए गए हैं। अब तक 9.65 करोड़ लोगों ने टीके की पहली डोज लगवाई है। प्रदेश में 18 वर्ष से अधिक उम्र के कुल 14.74 करोड़ लोगों टीके लगाए जाने हैं। 

65.4 प्रतिशत लोगों ने टीके की पहली डोज लगवाई : राज्य टीकाकरण अधिकारी डा. अजय घई ने बताया कि अब तक कुल लाभार्थियों में से 65.4 प्रतिशत लोगों ने टीके की पहली और 20.4 फीसद लोगों ने टीके की दोनों डोज लगवाई है। सोमवार को प्रदेश में 15121 टीकाकरण केंद्र बनाए गए थे और 10.99 लाख लोगों को वैक्सीन लगाई गई। अब तक 18 वर्ष से 44 वर्ष की उम्र के 7.52 करोड़ लोगों ने वैक्सीन लगवाई है। 45 वर्ष से 60 वर्ष की उम्र के 3.25 करोड़ और 60 वर्ष से अधिक आयु के 1.87 करोड़ लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। अभी तक 6.69 करोड़ पुरुष और 5.96 करोड़ महिलाओं ने वैक्सीन लगवाई है।

chat bot
आपका साथी