यूपी के राजकीय माध्यमिक कॉलेजों में 3282 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया जल्द, प्रतियोगियों को मिला आश्वासन

यूपी के राजकीय माध्यमिक कॉलेजों में 3282 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। यूपीपीएससी ने एलटी ग्रेड 2018 भर्ती में हिंदी और सामाजिक विज्ञान विषय का परिणाम सितंबर 2020 में जारी कर दिया था लेकिन सत्यापन में काफी समय लगने से नियुक्ति फंसी है।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Mon, 19 Jul 2021 10:10 PM (IST) Updated:Tue, 20 Jul 2021 12:59 AM (IST)
यूपी के राजकीय माध्यमिक कॉलेजों में 3282 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया जल्द, प्रतियोगियों को मिला आश्वासन
उत्तर प्रदेश के राजकीय माध्यमिक कॉलेजों में 3282 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी।

लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के राजकीय माध्यमिक कॉलेजों में 3282 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने एलटी ग्रेड 2018 भर्ती में हिंदी और सामाजिक विज्ञान विषय का परिणाम सितंबर 2020 में जारी कर दिया था लेकिन, सत्यापन में काफी समय लगने से नियुक्ति फंसी थी। सोमवार को प्रतियोगियों का धैर्य जवाब दे गया और माध्यमिक शिक्षा कैंप कार्यालय पर प्रदर्शन किया।

प्रतियोगी मोर्चा अध्यक्ष विक्की खान की अगुवाई में सैकड़ों प्रतियोगी माध्यमिक शिक्षा निदेशालय पहुंचे और धरने पर बैठ गए। प्रतियोगियों ने नारेबाजी की, करीब दो घंटे बाद प्रशासन की मध्यस्थता में छह सदस्यीय शिष्टमंडल निदेशक माध्यमिक शिक्षा विनय कुमार पांडेय से मिला।

उन्हें बताया कि आयोग ने इसकी लिखित परीक्षा 29 जुलाई 2018 को कराई थी। दोनों विषयों का रिजल्ट जारी हो चुका है। सामाजिक विज्ञान विषय के 1854 पदों के सापेक्ष 1851 व हिंदी के 1433 पदों के सापेक्ष 1431 सफल हुए थे। आयोग अधिकांश का सत्यापन भी करा चुका है, इसके बाद भी दोनों विषयों की नियुक्ति रुकी है।

निदेशक माध्यमिक शिक्षा विनय कुमार पांडेय ने प्रतियोगियों को आश्वस्त किया कि एलटी जीआइसी के हिंदी और सामाजिक विज्ञान के पोर्टल खुलने की विज्ञप्ति जल्द जारी की जाएगी, विकल्प लेने के लिए दोनों विषयों का पोर्टल खोला जाएगा। शिष्टमंडल में अनिल उपाध्याय, उदय यादव, पंकज अंगारा, शेर सिंह व रूप खान शामिल रहे।

chat bot
आपका साथी