Mission UP 2022 : यूपी में कांग्रेस का 'भाजपा गद्दी छोड़ो अभियान' नौ और दस अगस्त को, मंहगाई को लेकर प्रदेशभर में होगा प्रदर्शन

कांग्रेस पार्टी नौ और 10 अगस्त को यूपी में भाजपा गद्दी छोड़ो अभियान चलाएगी। अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में महंगाई बेरोजगारी किसानों की समस्या महिला सुरक्षा और भ्रष्टाचार के खिलाफ सड़कों पर उतरेंगे।

By Vikas MishraEdited By: Publish:Thu, 05 Aug 2021 02:56 PM (IST) Updated:Thu, 05 Aug 2021 02:56 PM (IST)
Mission UP 2022 : यूपी में कांग्रेस का 'भाजपा गद्दी छोड़ो अभियान' नौ और दस अगस्त को, मंहगाई को लेकर प्रदेशभर में होगा प्रदर्शन
उप्र कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने बताया कि हम लोग नौ और दस अगस्त को प्रदर्शन करेंगे।

लखनऊ, राज्य ब्यूरो। कांग्रेस पार्टी नौ और 10 अगस्त को भाजपा गद्दी छोड़ो अभियान चलाएगी। अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्या, महिला सुरक्षा और भ्रष्टाचार के खिलाफ सड़कों पर उतरेंगे। उप्र कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में प्रदेश के किसान दुखी व निराश हैं। वे छुट्टा जानवरों से परेशान हैं। उन्हें खाद, बिजली व डीजल भी मंहगी कीमतों पर दी जा रही है।

सरकार पर गन्ना किसानों का हजारों करोड़ रुपये बकाया है। बेरोजगारी के कारण युवा सड़कों पर आंदोलित हैं और कभी भाजपा कार्यालय तो कभी सरकार के मंत्रियों के आवासों के सामने प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदेश में जंगल राज है, महिलाएं सुरक्षित नहीं है। रोज हो रहीं आपराधिक घटनाओं ने प्रदेश को दहला दिया है जबकि मुख्यमंत्री लंबी-लंबी डींगें हांकते हैं।

डाक्टर की हत्या पर प्रियंका बोलीं, सरकार कर रही झूठे प्रचारः कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सीतापुर में डाक्टर की हत्या का जिक्र करते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सरकार को कठघरे में खड़ा किया है। बुधवार को उन्होंने ट्वीट किया, 'सीतापुर, उप्र में एक डाक्टर को उसके क्लीनिक में घुसकर अपराधियों ने तलवार से काट दिया। ऐसी घटनाओं से प्रदेशवासियों के मन में भय पैदा हो रहा है। आम लोगों की सुरक्षा व्यवस्था का इतना बुुरा हाल है और सरकार झूठे प्रचार के सिवा कुछ कर ही नहीं रही है। बता दें कि कांग्रेस पार्टी यूपी में पिछले कुछ समय से हमलावर हो गई है। खासकर पार्टी की महासचिव प्रियंका वाड्रा के यूपी दौरे के बाद से कांग्रेस ने अपनी रणनीति में काफी बदलाव किया है। 

सीतापुर के अभिनव भार्गव ने ली कांग्रेस की सदस्यता: सीतापुर के बिसवां विधान सभा क्षेत्र से निर्दल प्रत्याशी रहे अभिनव भार्गव उर्फ राजा भार्गव ने बुधवार को उप्र कांग्रेस कमेटी कार्यालय में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ली। 

chat bot
आपका साथी