यूपी के 28 जिलों से गुजरेगी कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा, प्रियंका आज बाराबंकी में जनसभा के बाद करेंगी रवाना

Congress Pratigya Yatra उत्तर प्रदेश में अपने चुनाव अभियान को रफ्तार देने के लिए कांग्रेस पार्टी शनिवार से प्रतिज्ञा यात्रा शुरू करेगी। यह प्रतिज्ञा यात्राएं वाराणसी बाराबंकी और सहारनपुर से शुरू होंगी और प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में जाएंगी।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 09:29 PM (IST) Updated:Sat, 23 Oct 2021 01:00 AM (IST)
यूपी के 28 जिलों से गुजरेगी कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा, प्रियंका आज बाराबंकी में जनसभा के बाद करेंगी रवाना
प्रियंका गांधी वाड्रा आज बाराबंकी में जनसभा के बाद कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा रवाना करेंगी।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। उत्तर प्रदेश में अपने चुनाव अभियान को रफ्तार देने के लिए कांग्रेस पार्टी शनिवार से प्रतिज्ञा यात्रा शुरू करेगी। यह प्रतिज्ञा यात्राएं वाराणसी, बाराबंकी और सहारनपुर से शुरू होंगी और प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में जाएंगी। तीनों यात्राएं प्रदेश के 28 जिलों से गुजरेंगी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शनिवार को बाराबंकी से तीनों यात्राओं को रवाना करेंगी।

इससे पहले प्रियंका गांधी वाड्रा बाराबंकी के हरख इंटर कालेज के मैदान पर जनसभा को संबोधित करेंगी जिसमें वह कांग्रेस की बाकी छह प्रतिज्ञाओं की घोषणा भी करेंगी। पहली प्रतिज्ञा के तौर पर वह उप्र विधानसभा के चुनाव में कांग्रेस की ओर से 40 फीसद टिकट महिलाओं को देने तथा पार्टी के सत्ता में आने पर इंटरमीडिएट पास छात्राओं को स्मार्टफोन व स्नातक छात्राओं को इलेक्ट्रिक स्कूटी देने का एलान कर चुकी हैं।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में शुक्रवार को हुई प्रेस कान्फ्रेंस में कांग्रेस के मीडिया विभाग के चेयरमैन नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने बताया कि शनिवार को पहली प्रतिज्ञा यात्रा वाराणसी से शुरू होगी जो रायबरेली में समाप्त होगी। यह यात्रा आठ जिलों से गुजरेगी। नौ जिलों से गुजरने वाली दूसरी यात्रा बाराबंकी से शुरू होकर बुंदेलखंड में झांसी में समाप्त होगी। तीसरी यात्रा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सहारनपुर जिले से आरंभ होगी और उसका समापन मथुरा में होगा। यह यात्रा 11 जिलों से गुजरेगी। इन सभी यात्राओं का समापन एक नवंबर को होगा।

कांग्रेस की चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष पीएल पुनिया ने बताया कि वाराणसी से शुरू होने वाली प्रतिज्ञा यात्रा के प्रभारी पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी, राजेश मिश्रा व पूर्व विधायक नदीम जावेद होंगे। बाराबंकी से शुरू होने वाली यात्रा के प्रभारी पीएल पुनिया, नसीमुद्दीन सिद्दीकी और पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य होंगे। सहारनपुर से शुरू होने वाली यात्रा के प्रभारी पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद और आचार्य प्रमोद कृष्णम होंगे।

उन्होंने बताया कि कांग्रेस की चौथी प्रतिज्ञा यात्रा दीपावली के बाद शुरू होगी। इससे पहले 31 अक्टूबर को गोरखपुर में प्रियंका गांधी वाड्रा की जनसभा होगी। कांग्रेस विधानमंडल दल नेता आराधना मिश्रा ने कहा कि पार्टी इन यात्राओं के जरिये अपनी प्रतिज्ञाओं के साथ पूरी वचनबद्धता से आगे बढ़ेगी।

अनुसूचित जाति को संदेश : प्रतिज्ञा यात्रा को रवाना करने के लिए प्रियंका ने बाराबंकी की जैदपुर विधानसभा क्षेत्र का चयन इसलिए किया क्योंकि यह अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीट है। कांग्रेस अनुसूचित जातियों पर फोकस कर रही है। इस सीट से प्रतिज्ञा यात्रा को रवाना कर वह अनुसूचित जातियों को संदेश देना चाहती हैं।

chat bot
आपका साथी