कांग्रेस की तीन प्रतिज्ञा यात्रा आज से, बाराबंकी से एक यात्रा को रवाना करेंगी पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शनिवार को बाराबंकी से कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के साथ ही जनसभा को भी संबोधित करेंगी। इस दौरान वह कांग्रेस की सात चुनावी प्रतिज्ञाओं की घोषणा भी करेंगी।

By Dharmendra PandeyEdited By: Publish:Sat, 23 Oct 2021 10:27 AM (IST) Updated:Sat, 23 Oct 2021 10:27 AM (IST)
कांग्रेस की तीन प्रतिज्ञा यात्रा आज से, बाराबंकी से एक यात्रा को रवाना करेंगी पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा
प्रियंका गांधी वाड्रा बाराबंकी से कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के साथ ही जनसभा करेंगी।

लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मजबूत करने के बड़े अभियान में लगीं पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शनिवार को प्रतिज्ञा यात्रा को रवाना करेंगी। कांग्रेस की तीन प्रतिज्ञा यात्रा आज तीन शहरों से रवाना होंगी। इस यात्रा का मकसद प्रदेश के कोने-कोने तक कांग्रेस को पहुंचाना है।

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शनिवार को बाराबंकी से कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के साथ ही जनसभा को भी संबोधित करेंगी। इस दौरान वह कांग्रेस की सात चुनावी प्रतिज्ञाओं की घोषणा भी करेंगी। पहली प्रतिज्ञा के तौर पर वह उत्तर प्रदेश विधानसभा के चुनाव में कांग्रेस की ओर से 40 फीसद टिकट महिलाओं को देने तथा पार्टी के सत्ता में आने पर इंटरमीडिएट पास छात्राओं को स्मार्टफोन व स्नातक छात्राओं को इलेक्ट्रिक स्कूटी देने का एलान कर चुकी हैं। कांग्रेस उत्तर प्रदेश में अपने चुनाव अभियान को रफ्तार देने के लिए शनिवार से प्रतिज्ञा यात्रा शुरू करेगी। यह प्रतिज्ञा यात्राएं वाराणसी, बाराबंकी और सहारनपुर से शुरू होंगी और प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में जाएंगी। पहली प्रतिज्ञा यात्रा वाराणसी से शुरू होकर आठ जिलों से होकर रायबरेली में समाप्त होगी। नौ जिलों से गुजरने वाली दूसरी यात्रा बाराबंकी से शुरू होकर बुंदेलखंड में झांसी में समाप्त होगी। तीसरी यात्रा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सहारनपुर जिले से आरंभ होगी और उसका समापन मथुरा में होगा। यह यात्रा 11 जिलों से गुजरेगी। इन सभी यात्राओं का समापन एक नवंबर को होगा।

वाराणसी से शुरू होने वाली प्रतिज्ञा यात्रा के प्रभारी पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी, राजेश मिश्रा व पूर्व विधायक नदीम जावेद हैं। बाराबंकी से शुरू होने वाली यात्रा के प्रभारी पीएल पुनिया, नसीमुद्दीन सिद्दीकी और पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य हैं। सहारनपुर से शुरू होने वाली यात्रा के प्रभारी पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद और आचार्य प्रमोद कृष्णम हैं। कांग्रेस की चौथी प्रतिज्ञा यात्रा दीपावली के बाद शुरू होगी। इससे पहले 31 अक्टूबर को गोरखपुर में प्रियंका गांधी वाड्रा की जनसभा होगी। कांग्रेस विधानमंडल दल नेता आराधना मिश्रा ने कहा कि पार्टी इन यात्राओं के जरिये अपनी प्रतिज्ञाओं के साथ पूरी वचनबद्धता से आगे बढ़ेगी।

अनुसूचित जाति को संदेश: प्रतिज्ञा यात्रा को रवाना करने के लिए प्रियंका गांधी ने बाराबंकी की जैदपुर विधानसभा क्षेत्र का चयन इसलिए किया क्योंकि यह अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीट है। कांग्रेस अनुसूचित जातियों पर फोकस कर रही है। इस सीट से प्रतिज्ञा यात्रा को रवाना कर वह अनुसूचित जातियों को संदेश देना चाहती हैं। 

chat bot
आपका साथी