यूपी में अब डेरा डालेंगी कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा, विधानसभा चुनाव के अभियान को देंगी धार

कांग्रेस के मिशन 2022 को धार देने के लिए प्रियंका वाड्रा अब यूपी में डेरा डालेंगी। वह पार्टी के चुनाव अभियान की रूपरेखा तय करने के साथ उसे परवान भी चढ़ाएंगी। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया को भी रफ्तार देंगी।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Thu, 07 Oct 2021 10:00 PM (IST) Updated:Fri, 08 Oct 2021 06:56 AM (IST)
यूपी में अब डेरा डालेंगी कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा, विधानसभा चुनाव के अभियान को देंगी धार
विधानसभा चुनाव के अभियान को तेज करने के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा अब उत्तर प्रदेश में ही रहेंगी।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी से बुधवार देर रात लौटने के बाद गुरुवार सुबह कांग्रेस नेता राहुल गांधी तो दिल्ली लौट गए लेकिन पार्टी की महासचिव व प्रदेश प्रभारी प्रियंका वाड्रा लखनऊ में ही डटी रहीं। लखीमपुर खीरी की घटना में जान गंवाने वाले किसान के परिवार से मिलने के लिए गुरुवार दोपहर वह बहराइच चली गईं। कांग्रेस के मिशन 2022 को धार देने के लिए प्रियंका वाड्रा अब सूबे में डेरा डालेंगी। वह पार्टी के चुनाव अभियान की रूपरेखा तय करने के साथ उसे परवान भी चढ़ाएंगी। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया को भी रफ्तार देंगी।

कांग्रेस उत्तर प्रदेश के चार दर्जन से ज्यादा जिलों के 250 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों से प्रतिज्ञा यात्रा निकालने की योजना बना रही है। इसके तहत चार यात्राएं निकलेंगी जो प्रदेश के चार अलग-अलग क्षेत्रों से गुजरेंगी। यात्रा इसी माह शुरू होनी है और इसके रूट प्लान को अंतिम रूप दिया जाना है। प्रियंका वाड्रा अपने सलाहकारों व पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों के साथ विचार विमर्श कर यात्रा के रूट प्लान का निर्धारण करेंगी।

प्रतिज्ञा यात्रा में भी जगह-जगह पर उनकी भागीदारी रहेगी। कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाने के लिए वह प्रदेश के सभी मंडलों में जनसभाएं भी करेंगी। उनकी जनसभाओं का सिलसिला 10 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से शुरू होगा। ऐसी योजना पर भी मंथन हो रहा है कि चारों यात्राओं का समापन राजधानी लखनऊ में बड़ी रैली के रूप में किया जाए। इन सबके मद्देनजर उप्र में प्रियंका की व्यस्तता रहेगी।

प्रियंका ने किया देवी का दर्शन-पूजन : कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा ने शारदीय नवरात्र के पहले दिन गुरुवार को राजधानी के अर्जुनगंज क्षेत्र स्थित मरी माता मंदिर में देवी का दर्शन-पूजन किया। प्रियंका दोपहर में बहराइच जाने से पहले दोपहर लगभग सवा दो बजे सुलतानपुर रोड पर मरी माता मंदिर पहुंचीं। यहां उन्होंने देवी की आराधना की और मनोकामना की पूर्ति के लिए मंदिर में चुनरी भी बांधी। दर्शन-पूजन और चुनरी बांधने के बाद प्रियंका ने कहा कि उन्होंने अपने बेटे के लिए मन्नत मांगी है। उन्होंने नवरात्र में व्रत भी किया है। उनके साथ महाराष्ट्र सरकार की मंत्री और उप्र के लिए कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की सदस्य वर्षा गायकवाड़, पार्टी के कम्युनिकेशन विभाग के प्रदेश चेयरमैन नसीमुद्दीन सिद्दीकी, पूर्व महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंह चौहान, जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश त्रिपाठी, ओंकारनाथ सिंह, कृष्णकांत पांडेय आदि मौजूद थे। तकरीबन 15 मिनट मंदिर में रहने के बाद वह बहराइच रवाना हो गईं।

यह भी पढ़ें : बहराइच में प्रशासन ने रोका प्र‍ियंका का काफ‍िला, बोलीं-मोदीजी आप जो संदेश दे रहे हैं उससे जनता डर रही

chat bot
आपका साथी