कांग्रेस का आरोप- जमीनी आधार खो चुकी भाजपा ने सत्ता के बल पर यूपी पंचायत चुनाव में की धांधली

यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि पंचायत चुनाव में जिस तरह से धांधली की गई है वैसा पहले कभी नहीं हुआ। जमीनी आधार खो चुकी भाजपा ने सत्ता के बल पर लगभग सभी जनपदों में धांधली कर अपने समर्थित उम्मीदवारों को विजय का प्रमाणपत्र दिलवा दिया।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Fri, 07 May 2021 08:41 PM (IST) Updated:Fri, 07 May 2021 08:47 PM (IST)
कांग्रेस का आरोप- जमीनी आधार खो चुकी भाजपा ने सत्ता के बल पर यूपी पंचायत चुनाव में की धांधली
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि यूपी पंचायत चुनाव में भाजपा ने सत्ता के बल पर धांधली की है।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने भारतीय जनता पार्टी पर पंचायत चुनाव में धांधली का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव में जिस तरह से धांधली की गई है वैसा पहले कभी नहीं हुआ। अपना जमीनी आधार खो चुकी भाजपा ने सत्ता के बल पर पंचायत चुनाव में लगभग सभी जनपदों में धांधली कर अपने समर्थित उम्मीदवारों को विजय का प्रमाणपत्र दिलवा दिया। धांधली की पोल खुलने पर जनआक्रोश का भी जगह जगह भाजपा को सामना करना पड़ा। कुछ जगह तो विवश होकर चुनाव परिणाम भी बदलने पड़े।

यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि लोकतंत्र का गला घोंटने व जनादेश को अपमानित करने के लिए भाजपा षड्यंत्र रचकर अपनी विजय का झूठा दावा कर रही है। जनता द्वारा पूरी तरह नकारे जाने के बाद उसका जिला पंचायत सदस्य पद पर अपने समर्थित उम्मीदवारों की जीत का दावा पूरी तरह खोखला साबित हुआ है। किसानों के साथ दुर्व्यवहार, नौजवानों व बेरोजगारों के साथ उसके अन्याय ने उसको भारी पराजय को विवश किया है, लेकिन भाजपा पूरी निर्लज्जता के साथ अपनी जीत के जितने दावे कर रही है वह सब जमीन की सच्चाई से बहुत दूर है।

बता दें कि पंचायत चुनाव के परिणाम आने के बाद कांग्रेस ने 270 जिला पंचायत सदस्य उम्मीदवारों के जीतने का दावा करते हुए परिणाम को संतोषजनक बताया था। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि पंचायत के चुनाव में पार्टी का संतोषजनक प्रदर्शन रहा है। कांग्रेस के 270 जिला पंचायत के उम्मीदवारों ने विजय प्राप्त की है। 571 सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी दूसरे स्थान पर रहे, वहीं 711 सीटों पर तीसरा स्थान हासिल करने में सफल रहे। लल्लू ने कहा कि पूरे प्रदेश में बड़े पैमाने पर कांग्रेस के न्याय पंचायत अध्यक्ष, ब्लाक अध्यक्ष और संगठन के पदाधिकारियों के नेतृत्व में ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य का चुनाव पार्टी के कार्यकर्ता जीते हैं। 

यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा के नेतृत्व में न्याय पंचायत, ब्लाक व गांव स्तर तक संगठन का मजबूती के साथ निर्माण किया गया है। उसी का नतीजा है कि आज सुखद परिणाम देखने को मिल रहा है। लल्लू ने कहा कि गांव, खेत, खलिहान, नौजवान, कानून व्यवस्था और कोरोना जैसे गंभीर विषयों पर कांग्रेस ने जो लड़ाई लड़ी है, उसका असर दिखाई दे रहा है। उन्होंने विश्वास जताया है कि आने वाले दिनों में प्रियंका के नेतृत्व में कांग्रेस को विधानसभा चुनाव 2022 में भी जनता का विश्वास और आशीर्वाद मिलेगा।

chat bot
आपका साथी