UP Weather: उत्‍तर प्रदेश के आसमान में बादलों ने जमाया डेरा, बढ़ी ठंड-गिरा तापमान

UP Weather कोहरे के चलते कम रही दृश्यता धूप निकलने के आसार नहीं।

By Divyansh RastogiEdited By: Publish:Sat, 18 Jan 2020 10:32 PM (IST) Updated:Sun, 19 Jan 2020 07:13 AM (IST)
UP Weather: उत्‍तर प्रदेश के आसमान में बादलों ने जमाया डेरा, बढ़ी ठंड-गिरा तापमान
UP Weather: उत्‍तर प्रदेश के आसमान में बादलों ने जमाया डेरा, बढ़ी ठंड-गिरा तापमान

लखनऊ, जेएनएन। उत्‍तर प्रदेश में बीते दिन तीन से हो रही रिमझिम बारिश से शनिवार को थोड़ी राहत मिली। लेकिन ठंड और गलन का अहसास बदस्तूर रहा। हालांकि, कुछ स्थानों पर बादलों के बीच सूर्यदेव के दर्शन हुए। पुरवा हवाएं चलती रहीं। ठिठुरन और बढ़ गई है। वहीं कई स्थानों पर सुबह कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता कम रही।  

लखनऊ, अयोध्या में शनिवार को दिनभर बादलों का डेरा रहा। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, रविवार को भी धूप निकलने के आसार कम हैं। बाराबंकी, सीतापुर और गोंडा में तो सुबह के वक्त कोहरा छाया रहा। गोंडा में दोपहर बाद धूप खिली। हरदोई, बलरामपुर, बाराबंकी और बहराइच में दिन भर बदली छायी रही जबकि लखीमपुर में पूरे दिन धूप-छांव का मौसम रहा। शाम चार बजे तक हल्की धूप बनी रही। रायबरेली और अमेठी में सर्द हवाओं के बीच धूप निकली। सुलतानपुर में मौसम आंशिक साफ हुआ। आंबेडकरनगर में कोहरे के बीच हुई सुबह में लोगों को आवागमन में दिक्कतें हुईं। हवा के चलते बाद में खिली धूप लोगों को ठंड से खास राहत नहीं दिला सकी। 

श्रावस्ती में सूरज की लुकाछिपी जारी रही। कानपुर में शनिवार को घने कोहरे की वजह से दृश्यता काफी कम रही। वाराणसी सहित पूर्वांचल के जिलों में शनिवार को घने बादलों का डेरा रहा। कोल्ड फ्रंट की दस्तक ने गलन बढ़ा दी है। दो दिन की बारिश के बाद गोरखपुर के आसपास की सुबह तो घने कोहरे के बीच हुई लेकिन जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ा मौसम साफ हो गया। 10 बजे हल्की धूप भी निकल गई लेकिन पछुआ हवाओं के चलते वह बेबस सी नजर आई और ठंड बरकरार रही। आगरा में शनिवार को मौसम सर्द रहा। सुबह कोहरे की चादर छाई रही। गलन ने भी कंपकंपी बनाए रखी। ऐसा ही मौसम मथुरा, फीरोजाबाद, मैनपुरी, एटा और कासगंज में रहा। मेरठ में शीतलहर के प्रकोप से लोग शनिवार को त्रस्त रहे। अलीगढ़ में सूरज के दर्शन नहीं हो पाए। वातावरण में नमी व सर्द हवाओं से ठिठुरन फिर बढऩी शुरू हो गई है। तापमान में गिरावट आई। 

 

कानपुर नगर में शुक्रवार की अपेक्षा अधिकतम और न्यूनतम तापमान तीन-तीन डिग्री सेल्सियस कम हो गया। अधिकतम तापमान 15.0 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ.नौशाद खान ने पूर्वानुमान जताया कि अभी ठंड और बढ़ेगी। वाराणसी में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम वैज्ञानिक प्रो. एसएन पांडेय के अनुसार अब कोल्ड फ्रंट का असर देखने को मिलेगा। रविवार को गलन और बढ़ेगी।

गोरखपुर में शनिवार का अधिकतम तापमान 18.8 तो न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आर्द्रता 64 से 91 प्रतिशत के बीच रही। मथुरा में अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फीरोजाबाद में न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 18 डिग्री सेल्सियस रहा। मेरठ में न्यूनतम तापमान 9.8, बिजनौर में 8.2, बागपत में सात, मुजफ्फरनगर में 8.2, शामली में छह, सहारनपुर में 10 और बुलंदशहर में  08 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। 

chat bot
आपका साथी