Mahant Narendra Giri: दिवंगत महंत के अंतिम दर्शन को आज प्रयागराज जाएंगे सीएम योगी आदित्यनाथ

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि के निधन के समाचार से दुखी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अंतिम दर्शन के लिए मंगलवार को प्रयागराज जाएंगे। वहीं उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी सुबह 8.30 बजे महंत के अंतिम दर्शन के लिए प्रयागराज जाएंगे।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Tue, 21 Sep 2021 12:17 AM (IST) Updated:Tue, 21 Sep 2021 12:19 AM (IST)
Mahant Narendra Giri: दिवंगत महंत के अंतिम दर्शन को आज प्रयागराज जाएंगे सीएम योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महंत नरेंद्र गिरि के अंतिम दर्शन के लिए मंगलवार को प्रयागराज जाएंगे।

लखनऊ, जेएनएन। संतों की सबसे बड़ी संस्था अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि की सोमवार शाम प्रयागराज में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उनका शव अल्लापुर स्थित श्री मठ बाघम्बरी गद्दी स्थित उनके कमरे में मिला। मौत की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है लेकिन कहा जा रहा है कि उन्होंने फंदे से लटककर आत्महत्या की है। मौके से आठ पेज का सुसाइड नोट मिला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने महंत की मौत को दुखदायी बताया है। उनके निधन के समाचार से दुखी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अंतिम दर्शन के लिए मंगलवार को प्रयागराज जाएंगे।

आजादी के अमृत महोत्सव के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मंगलवार सुबह 9.45 बजे सशस्त्र सीमा बल की ओर से आयोजित साइकिल रैली को झंडी दिखाकर लखनऊ से दिल्ली के लिए रवाना करना था। महंत के निधन का समाचार मिलने के बाद साइकिल रैली को रवाना करने का कार्यक्रम अब सुबह 8.15 बजे होगा। इसके बाद सीएम योगी प्रयागराज के लिए रवाना होंगे। वहीं, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 21 सितंबर को उन्नाव और 22 तारीख को चित्रकूट में अपने सरकारी कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। वह मंगलवार सुबह 8.30 बजे महंत नरेंद्र गिरि के अंतिम दर्शन करने के लिए प्रयागराज जाएंगे।

बता दें कि सोमवार दोपहर एक बजे के आसपास महंत नरेंद्र गिरि (60) ने शिष्यों के साथ मठ में भोजन ग्रहण किया था। अनौपचारिक बातचीत भी की थी। इसके बाद वह अपने कमरे में चले गए। आमतौर पर साढ़े तीन बजे तक आराम कर वह कमरे से बाहर आ जाते थे। पुलिस के अनुसार, शाम पांच बजे तक जब दरवाजा नहीं खुला तो शिष्यों को आशंका हुई। दरवाजा अंदर से बंद था। आवाज देने पर भी दरवाजा नहीं खोला गया तो उसे तोड़कर शिष्य अंदर घुसे। भीतर का दृश्य देख वह अवाक रह गए। महंत नायलान की रस्सी से पंखे के चुल्ले से लटके थे। महंत के शिष्य बबलू ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद शव को नीचे उतारा गया।

यह खबर जंगल में आग की तरफ फैलने लगी। फोरेंसिक टीम, डाग स्क्वाड, क्राइम ब्रांच की टीम बुलाई गई। मठ का मुख्य गेट बंद कर दिया गया। कमरे में तलाशी ली गई तो उस बिस्तर पर सुसाइड नोट मिला, जिस पर महंत नरेंद्र गिरि विश्राम करते थे। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराने की बात कही जा रही है। पुलिस आद्या तिवारी, उसके बेटे संदीप व गनर अजय सिंह समेत कई शिष्यों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस के मठ पहुंचने से पहले महंत नरेंद्र गिरि के कमरे का दरवाजा तोड़ दिया गया था। शव कथित तौर पर पंखे से उतार कर बिस्तर पर रख दिया गया था। विश्राम पर जाने से पूर्व उन्हें वहां मौजूद शिष्यों ने किसी उलझन में नहीं देखा था।

chat bot
आपका साथी