पुलिस स्मृति दिवस पर चार शहीद पुलिसकर्मियों के परिवार को सम्मानित करेंगे सीएम योगी आदित्यनाथ

Police Smriti Divas 2021 पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर 21 अक्टूबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कर्तव्य के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले चार शहीद पुलिसकर्मियों के परिवार को सम्मानित करेंगे। इस अवसर पर शोक परेड होगी और शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Mon, 18 Oct 2021 10:45 PM (IST) Updated:Mon, 18 Oct 2021 10:45 PM (IST)
पुलिस स्मृति दिवस पर चार शहीद पुलिसकर्मियों के परिवार को सम्मानित करेंगे सीएम योगी आदित्यनाथ
सीएम योगी आदित्यनाथ पुलिस स्मृति दिवस पर चार शहीद पुलिसकर्मियों के परिवार को सम्मानित करेंगे।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर 21 अक्टूबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कर्तव्य के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले चार शहीद पुलिसकर्मियों के परिवार को सम्मानित करेंगे। इस अवसर पर शोक परेड होगी और शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। मुख्यमंत्री स्मृति दिवस के मौके पर पुलिसकर्मियों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं की घोषणा भी कर सकते हैं। इस वर्ष शहीद उपनिरीक्षक स्वर्गीय प्रशान्त यादव, शहीद आरक्षी स्वर्गीय सोनू कुमार, स्वर्गीय हरविन्द्र सिंह व देवेन्द्र सिंह के परिवार को सम्मानित किया जाएगा।

पुलिस स्मृति दिवस के मौके पर एक सितंबर 2020 से 31 अगस्त 2021 के मध्य देश में कर्तव्य पथ पर वीरगति को प्राप्त करने वाले पुलिसकर्मियों की शौर्य गाथाओं को याद किया जाएगा। इनमें उत्तर प्रदेश के चार शहीद पुलिसकर्मी भी शामिल होंगे। लखनऊ पुलिस लाइन के मैदान में पुलिस स्मृति दिवस के आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मंगलवार को शोक परेड का पूर्वाभ्यास भी होगा।

बदमाश की गोली ने ले ली थी जान : आगरा के थाना खंदौली में तैनात उपनिरीक्षक प्रशान्त यादव कानून-व्यवस्था ड्यूटी पर तैनात थे। प्रशान्त कुमार मोटरसाइकिल से हमराह आरक्षी चन्द्रेसन के साथ गश्त कर रहे थे। ग्राम नहर्रा के पास अपराधी विश्वनाथ हाथ में तमंचा लेकर खड़ा था। प्रशान्त यादव ने मोटरसाइकिल से उतरकर उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन इसी बीच अपराधी ने गोली चला दी थी। गोली लगने से घायल उपनिरीक्षक प्रशान्त यादव की 24 मार्च 2021 को मृत्यु हो गई थी। वहीं मैनपुरी में तैनात आरक्षी हरविन्द्र सिंह भाजपा नेता शिवम सिंह चौहान के गनर थे। छह नवंबर 2020 की शाम स्टेशन रोड के पास बदमाशों ने भाजपा नेता की कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। हमले में शिवम सिंह की सुरक्षा में तैनात हरविन्द्र सिंह गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। आगरा के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान 28 नवंबर को उनकी मृत्यु हो गई थी।

खनन माफिया ने चढ़ा दिया ट्रैक्टर : आगरा के थाना सैंया में तैनात उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह अन्य आरक्षियों के साथ आठ नवंबर 2020 की रात क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि एक ट्रैक्टर ट्राली राजस्थान से अवैध खनन लेकर आ रही है। इस सूचना पर आरक्षी सोनू कुमार व दो अन्य आरक्षियों को थाने से बुलाया गया, जो तिराहे पर मुस्तैद हो गए थे। कुछ देर बाद अवैध खनन से लदी ट्रैक्टर ट्राली उधर से गुजरी और तिराहे पर पुलिसकर्मियों को मौजूद देखकर चालक ने ट्रैक्टर की रफ्तार बढ़ा दी। आरक्षी सोनू कुमार ने बड़े साहस से ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने उन्हें टक्कर मार दी थी। घटना में गंभीर रूप से घायल आरक्षी सोनू कुमार की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी।

बदमाशों के हमले में हारी जिंदगी की जंग : कासगंज के थाना सिढपुरा में तैनात उपनिरीक्षक अशोक कुमार व आरक्षी देवेन्द्र सिंह नौ फरवरी 2021 को वांछित अपराधी की तलाश में निकले थे। ड्यूटी के दौरान ग्राम नगला धीमर में अपराधी मोती, उसके भाई एलकार व पांच-छह अन्य अपराधियों के साथ मिलकर दोनों पुलिसकर्मियों पर हमला बोल दिया था। जिसमें उपनिरीक्षक अशोक कुमार व आरक्षी देवेन्द्र सिंह को गंभीर चोटें आई थीं। दोनों पुलिसकार्मिकों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सिढपुरा ले जाया गया था, जहां चिकित्सकों ने आरक्षी देवेन्द्र सिंह को मृत घोषित कर दिया था।

chat bot
आपका साथी