COVID-19 से जंग में सीएम योगी आदित्यनाथ ने खिलाड़ियों से मांगा सहयोग, बोले- आप जैसे अनुशासन से हारेगा कोरोना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से चर्चा करते हुए कहा कि खिलाड़ियों से संवाद हमेशा उत्साहवर्धक रहा है। आज जबकि पूरा देश पूरी दुनिया कोरोना महामारी से लड़ रही है। ऐसे में खिलाड़ियों की सकारात्मक ऊर्जा उनका हौसला और उनकी टीम भावना सभी के लिए प्रेरणास्पद है।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Mon, 03 May 2021 10:57 PM (IST) Updated:Mon, 03 May 2021 10:58 PM (IST)
COVID-19 से जंग में सीएम योगी आदित्यनाथ ने खिलाड़ियों से मांगा सहयोग, बोले- आप जैसे अनुशासन से हारेगा कोरोना
COVID-19 से जंग में सीएम योगी आदित्यनाथ ने खिलाड़ियों से सहयोग मांगा।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। टीम वर्क, अनुशासन और संयम...। खिलाड़ी इसी पर चलकर चुनौतियों से जीतते हैं। उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से वर्चुअल संवाद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि खिलाड़ियों के यही सिद्धांत हमें कोरोना के खिलाफ जंग में भी जीत दिलाएंगे। चूंकि, खिलाड़ी युवा वर्ग के रोल मॉडल होते हैं, इसलिए वह आम जन को संक्रमण से बचाव, कोविड प्रोटोकॉल के पालन आदि के लिए जागरूक कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास से सोमवार को अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से चर्चा करते हुए कहा कि खिलाड़ियों से संवाद हमेशा उत्साहवर्धक रहा है। आज जबकि पूरा देश, पूरी दुनिया कोरोना महामारी से लड़ रही है। ऐसे में खिलाड़ियों की सकारात्मक ऊर्जा, उनका हौसला और उनकी टीम भावना सभी के लिए प्रेरणास्पद है। उन्होंने कहा कि कोरोना कोई सामान्य वायरस नहीं, बल्कि महामारी है। यह अपनी पिछली लहर से 30 से 50 गुना अधिक संक्रामक है। ऐसे में थोड़ी सी असावधानी चपेट में ला सकती है।

सभी जरूरी प्रयास किए जा रहे : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि खिलाड़ी का जीवन बड़ा ही संयमित और अनुशासित होता है। इस महामारी से बचाव के लिए उसी अनुशासन और संयम की जरूरत है। आपने अपने पुरुषार्थ से लाखों-करोड़ों लोगों के सामने आदर्श प्रस्तुत किया है। आपकी फैन फॉलोइंग है। आज जबकि कुछ लोगों के नकारात्मक और भ्रामक प्रचार से आम आदमी सही जानकारी से वंचित हो जा रहा है, ऐसे में जरूरत है कि आप, सभी लोगों को जागरूक करें। कोरोना की पहली लहर, तब के संसाधन और आज की परिस्थितियों के अनुरूप सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों का उल्लेख करते हुए सीएम योगी ने कहा कि इस बार संक्रमण 30 से 50 गुना ज्यादा तेज है और संसाधनों की भी अपनी सीमा है। फिर भी सभी जरूरी प्रयास किए जा रहे हैं।

मानसिक संबल की बहुत जरूरत : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज सभी को मानसिक संबल की जरूरत है। यह समय अनावश्यक टिप्पणी करने का नहीं, भ्रम फैलाने वाली सूचनाओं के प्रसार का नहीं, बल्कि एकजुट रहने का है। खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उपेंद्र तिवारी ने प्रदेश का नाम रोशन करने वाले सभी खिलाड़ियों का स्वागत किया। वेबिनार में अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल, खेल निदेशक आरपी सिंह, उत्तर प्रदेश हॉकी के उपाध्यक्ष धीरज सिंह, अर्जुन अवार्डी हरीश, प्रेम माया, गुलाम सरवर, जिलुर्रहमान आदि शामिल हुए।

यह बोले खिलाड़ी

सुरेश रैना, क्रिकेटर : वैश्विक महामारी कोरोना से बचाव के लिए प्रदेश सरकार सभी जरूरी कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री की सक्रियता लगातार बनी हुई है। हम सभी देखते रहते हैं, लेकिन इस लड़ाई को जीतने के लिए जरूरी है कि हम सभी एकजुट होकर प्रयास करें। बचाव, सतर्कता, सावधानी बहुत जरूरी है।

विजय सिंह चौहान, एथलीट : कोविड महामारी से जुड़ी जानकारी को लेकर समाज में कई तरह की भ्रामक जानकारियां हैं। कुछ लोग नेगेटेविटी फैला रहे हैं। हमें इनसे सावधान रहना होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सभी प्रबंध कर रही है, लेकिन हमारी जिम्मेदारी भी है।

अशोक ध्यानचंद, पूर्व हॉकी खिलाड़ी : कोविड से लड़ाई में संयमित जीवनशैली का बड़ा महत्व है। जो जितना फिट है, उसे उतना ही कम खतरा है। हम सभी को योग-प्राणायाम को दिनचर्या में शामिल करना होगा। मुख्यमंत्री अपनी ओर से पूरे प्रबंध कर रहे हैं। हमें समाज में जागरुकता फैलानी चाहिए। यूपी यह लड़ाई जरूर जीतेगा।

आशीष कुमार, जिम्नास्ट : सकारात्मकता और फिजिकल फिटनेस बहुत जरूरी है। खेल व योग से जुडऩा समय की आवश्यकता है। इनसे जुड़कर हम बेहतर मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य के माध्यम से कोविड के विरुद्ध संघर्ष में निश्चित रूप से कामयाब होंगे। राज्य सरकार के प्रयास सराहनीय हैं।

प्रीति दुबे, हॉकी खिलाड़ी : आज समय एकजुट होने का है। कोविड पॉजिटिविटी को हम अपने मन की पॉजिटिविटी से हरा सकते हैं। झूठी और भ्रमित करने वाली सूचनाओं से बचना होगा। इम्युनिटी बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए। बाकी सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। मुख्यमंत्री की कार्यशैली प्रेरित करती है।

chat bot
आपका साथी