बाढ़ में कटान पीड़ित हर गरीब को मिलेगा 'मुख्यमंत्री आवास', सीएम योगी आद‍ित्‍यनाथ ने गोंडा में की घोषणा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर में उतरौला तहसील के पालापुर गांव में बाढ़ प्रभावितों से संवाद के दौरान कहा कि राहत कार्यों की समीक्षा की है। तहसील क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों का भी जायजा लिया है। पीएसी और एसडीआरएफ की टीम लगाई गई है।

By Anurag GuptaEdited By: Publish:Fri, 03 Sep 2021 09:33 PM (IST) Updated:Sat, 04 Sep 2021 02:09 AM (IST)
बाढ़ में कटान पीड़ित हर गरीब को मिलेगा 'मुख्यमंत्री आवास', सीएम योगी आद‍ित्‍यनाथ ने गोंडा में की घोषणा
गोंडा के तरबगंज के बरौली बाबा मठ मैदान में बाढ़ राहत कार्यों की जानकारी देते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।

गोंडा, जागरण संवाददाता। बाढ़ में कटान से पीड़ित हर गरीब को मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास याेजना के तहत मदद दिलाई जाएगी। यह घोषणा शुक्रवार को तरबगंज विधानसभा क्षेत्र के बरौली बाबामठ पर बाढ़ राहत कार्यों का जायजा लेने आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की। उन्होंने कहा कि बाढ़ पीड़ितों को राहत उपलब्ध कराने के लिए पर्याप्त बजट की व्यवस्था की गई है। प्रभावित जिलों के डीएम को फसल नुकसान का सर्वे कराने के आदेश दिए गए हैं। इससे किसानों को फसल के नुकसान का मुआवजा समय से मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नेपाल व उत्तराखंड में बारिश होने से सरयू, घाघरा, शारदा व राप्ती नदियां उफान पर हैं। गोंडा समेत 15 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। इस सीजन में यहां के लोगों को तीसरी बार बाढ़ का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि गतवर्ष की तुलना में इसवर्ष अधिक बारिश हुई है। नदियों में ड्रेजिंग के चैनेलाइजेशन कराने से अच्छे परिणाम मिले हैं। समय पूर्व बाढ़ से बचाव के लिए प्रबंधन से नुकसान कम हुआ है। गोंडा में बाढ़ से दस गांव प्रभावित होने की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायक व सांसद के निर्देशन में प्रशासन लगातार राहत कार्य कर रहा है। बाढ़ की आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ व पीएसी की टीम पहले से ही तैनात है। नौका, स्टीमर की पर्याप्त व्यवस्था करने के साथ ही जलभराव से होने वाले नुकसान व बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष स्वच्छता अभियान पांच से 12 सितंबर तक चलाया जाएगा। जहरीले जंतु काटने से बचाव के लिए एंटी रैबीज वैक्सीन, एंटी स्नैक्स वेनम की व्यवस्था की गई है। बाढ़ में डूबने से किसी की मृत्यु होने पर चार लाख रुपये, घायलों को पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा व घर कटने पर 95 हजार रुपये की मदद दी जाती है। मुख्यमंत्री ने गोंडा में बाढ़ राहत कार्य को संतोषजनक बताते हुए पीड़ितों की लगातार मदद करने के निर्देश दिए।

पांच से चलेगा जलजनित रोगों से बचाव अभियान : 

बलरामपुर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उतरौला तहसील के पालापुर गांव में बाढ़ प्रभावितों से संवाद के दौरान कहा कि राहत कार्यों की समीक्षा की है। तहसील क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों का भी जायजा लिया है। पीएसी और एसडीआरएफ की टीम लगाई गई है। पूरी व्यवस्था सरकार ने की है। प्रभावित परिवार के लिए सरकार ने उचित प्रबंध किया है। कहाकि पिछले कुछ दिनों में नेपाल और तराई क्षेत्र में हुई बारिश से 60 हजार की आबादी प्रभावित है। 60 गांवों में बाढ़ व जलजमाव की स्थिति है। नदियों की ड्रेजिंग व चैनेलाइजेशन तेजी से चल रहा है। पीड़ित परिवारों के लिए सरकार पूरी संवेदना व्यक्त करती है। किसानों की फसल का भी मुआवजा मिलेगा। कृषि उपज के बर्बाद होने पर राजस्व टीम से आकलन कराकर क्षतिपूर्ति दिलाई जाएगी। जिनका मकान नदी की धारा में कट गया है, उनको आवास की सुविधा दिलाई जाएगी।

कहाकि पांच सितंबर से नोडल अधिकारी व जनप्रतिनिधियों के साथ संयुक्त अभियान चलेगा, जिसमें बाढ़ राहत कार्य व जलजनित रोगों से बचाव पर जोर दिया जाएगा। यह अभियान 12 सितंबर तक चलेगा। सीएम ने कहाकि आपदा से मृत्यु होने के 24 घंटे के भीतर आर्थिक सहायता दी जा रही है। साथ ही पालतू जानवरों की आपदा से मृत्यु पर भी सहायता दी जाती है। किसान, बटाईदारों की मृत्यु पर भी पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। सदर विधायक पल्टूराम, गैंसड़ी विधायक शैलेश सिंह शैलू, उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा व जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह मौजूद रहे। संबोधन के बाद मुख्यमंत्री तुलसीपुर के लिए रवाना हुए। शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर पहुंचने पर महंत मिथिलेश नाथ योगी ने उनकी अगवानी की।

chat bot
आपका साथी