सीएम योगी आदित्यनाथ ने लांच किया नया पोर्टल, बोले- जनता से संवाद और सुझाव लेने में बनेगा मददगार

जनता को सरकार की योजनाओं का लाभ मिले और आमजन भी अपने सुझाव दे सके इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने नया पोर्टल बनाया है। केंद्र सरकार के myGov पोर्टल को सात वर्ष पूरे होने पर सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने up.mygov.in पोर्टल का शुभारंभ किया।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Mon, 26 Jul 2021 08:12 PM (IST) Updated:Mon, 26 Jul 2021 08:13 PM (IST)
सीएम योगी आदित्यनाथ ने लांच किया नया पोर्टल, बोले- जनता से संवाद और सुझाव लेने में बनेगा मददगार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने up.mygov.in पोर्टल का शुभारंभ किया।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। जनता को सरकार की योजनाओं का लाभ मिले और आमजन भी अपने सुझाव दे सके, इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने नया पोर्टल बनाया है। केंद्र सरकार के myGov पोर्टल को सात वर्ष पूरे होने पर सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने up.mygov.in पोर्टल का शुभारंभ किया। सीएम योगी के साथ ही केंद्रीय इलेक्ट्रानिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्वनी वैष्णव ने भी वर्चुअल संबोधन में विश्वास जताया कि यह पोर्टल जनता तक सरकार की योजनाओं को सरलता में पहुंचाने में मददगार बनेगा।

मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर आयोजित कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और प्रेरणा से उत्तर प्रदेश हर क्षेत्र में तेजी से विकास कर रहा है। केंद्र सरकार के पोर्टल को सात वर्ष पूरा होने पर भारत सरकार के सहयोग से प्रदेश के नए पोर्टल का शुभारंभ किया गया है। इससे प्रदेश भी केंद्र सरकार के पोर्टल से जुड़ गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह पोर्टल पं. दीनदयाल उपाध्याय की अंत्योदय की भावना के अनुसार अंतिम पायदान के व्यक्ति तक शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सहायक होगा। साथ ही इससे सरकार को जनता के सुझावों को जानने, विभिन्न मामलों में सहयोग प्राप्त करने और नवाचार को आगे बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। सीएम ने कहा कि 26 मई, 2014 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शपथ ली थी और 26 जुलाई, 2014 को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर पोर्टल का शुभारंभ किया। पोर्टल से 1.85 करोड़ से अधिक लोगों का जुड़ाव इसकी लोकप्रियता को दर्शाता है।

वर्चुअल संबोधन में केंद्रीय मंत्री अश्वनी वैष्णव ने कहा कि केंद्र सरकार का पोर्टल जनता के जीवन में बदलाव के लिए प्रधानमंत्री का एक सफल कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में पोर्टल के उत्तर प्रदेश चैप्टर की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इससे प्रदेश की जनता को विभिन्न सरकारी सेवाएं सरलता से उपलब्ध होंगी।

केंद्रीय इलेक्ट्रानिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री राजीव चंद्रशेखर, केंद्रीय इलेक्ट्रानिक्स, सूचना एवं प्रौद्योगिकी सचिव अजय साहनी, केंद्रीय पोर्टल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अभिषेक सिंह आनलाइन जुड़े थे। आभार अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल ने जताया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा, चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना और अपर मुख्य सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास अरविंद कुमार भी उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी