सीएम योगी आदित्यनाथ बोले- हमारी सरकार ने सुधार दी नौकरी की चयन प्रक्रिया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने साढ़े चार साल के कार्यकाल में साढ़े चार लाख युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी हैं। सरकार ने चयन की पूरी प्रक्रिया सुधार कर एक साफ-सुथरी व्यवस्था बनाई है।

By Dharmendra PandeyEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 06:25 PM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 06:35 PM (IST)
सीएम योगी आदित्यनाथ बोले- हमारी सरकार ने सुधार दी नौकरी की चयन प्रक्रिया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कृषि विभाग में नवचयनित 1863 प्राविधिक सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरण किया।

लखनऊ, जेएनएन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कृषि विभाग में नवचयनित 1863 प्राविधिक सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरण किया। लखनऊ में लोक भवन में इस कार्यक्रम में उन्होंने कुछ चयनित प्राविधिक सहायकों को नियुक्ति पत्र दिया। अन्य को जिलों में उपलब्ध कराया गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने साढ़े चार साल के कार्यकाल में साढ़े चार लाख युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी हैं। सरकार ने चयन की पूरी प्रक्रिया सुधार कर एक साफ-सुथरी व्यवस्था बनाई है। पारदर्शी तरीके से चयनित प्रदेश के युवाओं ने प्रदेश के विकास में अपना योगदान दिया है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आपको नियुक्ति पत्र देने के लिए इस कार्यक्रम की आवश्यकता नहीं थी। आपको फोन करके बताया जा सकता था कि आप अपने जनपद में जाकर नियुक्ति पत्र लेकर नौकरी शुरू कर सकते थे। परंतु हमने आपको यहां बुलाकर सम्मानित किया। आप गौरवान्वित महसूस कर सकें और उत्तर प्रदेश को आगे बढ़ाने में अपना संपूर्ण सहयोग दे सकें। उन्होंने कहा कि पहले कोई भी काम इमानदारी पूर्वक पारदर्शी तरीके से नहीं हो पाता था। अफसरशाही आड़े आती थी। आज उत्तर प्रदेश हर क्षेत्र में नंबर वन बन गया है। सरकार के ईमानदार प्रयास व परिश्रम के परिणाम सामने आए हैं।

मुख्यमंत्री ने कृषि विभाग में नवचयनित 1863 प्राविधिक सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरण के मौके पर कहा कि आप लोगों को आवेदन करने से लेकर नियुक्ति पत्र प्राप्त करने तक किसी भी स्तर पर न तो सिफारिश करानी पड़ी होगी और न ही किसी भी तरह का लेन देन करना पड़ा होगा। इससे पहले की सरकारों की व्यवस्था किसी से छुपी नहीं थी। उत्तर प्रदेश में सब कुछ होने के बावजूद प्रदेश पीछे ही रहता था। सभी संसाधन उपलब्ध होने के बाद भी हम साढ़े चार साल पहले हर क्षेत्र में पिछड़े हुए थे। आज हम हर एक क्षेत्र में सबसे आगे हैं। स्वच्छ भारत योजना, जल जीवन योजना, सौभाग्य योजना, किसान सम्मान निधि योजना इन सभी योजनाओं में उत्तर प्रदेश देश में नंबर 1 का स्थान रखता है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारी सरकार के प्रयास से आज उत्तर प्रदेश देश में नंबर दो की अर्थव्यवस्था बन गया है। साढ़े चार साल पहले प्रदेश छठे स्थान पर था। प्रदेश को आज 1,863 नवचयनित कृषि तकनीक सहायक प्राप्त हो रहे हैं। मैं विश्वास व्यक्त करता हूं कि आप अपनी ऊर्जा व प्रतिभा से कृषि विभाग के साथ-साथ अन्नदाता किसानों को भी लाभान्वित करेंगे।

chat bot
आपका साथी