मुख्‍यमंत्री योगी आद‍ित्‍यनाथ की बड़ी घोषणा, प्रदेश के सभी विद्यार्थियों को देंगे टैबलेट और स्मार्ट फोन

योगी ने कहा कि अराजक तत्वों और उपद्रवियों को हमने साफ संदेश दिया है कि दंगा हुआ तो सात पीढ़ी मुआवजा भरेगी। दादागिरी दिखाओगे तो बुलडोजर तैयार खड़ा है। देश में यूपी पहला राज्य है जो 44 योजनाओं में पहले स्थान पर है।

By Anurag GuptaEdited By: Publish:Sun, 24 Oct 2021 12:04 AM (IST) Updated:Sun, 24 Oct 2021 06:47 AM (IST)
मुख्‍यमंत्री योगी आद‍ित्‍यनाथ की बड़ी घोषणा, प्रदेश के सभी विद्यार्थियों को देंगे टैबलेट और स्मार्ट फोन
मुख्‍यमंत्री योगी आद‍ित्‍यनाथ ने कहा, कांग्रेस ने तो राम के अस्तित्व को ही नकार दिया।

लखनऊ, जागरण टीम। योगी सरकार अब चुनावी मोड में आने लगी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के सभी विद्यार्थियों को टैबलेट व स्मार्ट फोन देने की घोषणा की। सुलतानपुर और अंबेडकरनगर में लोगों को 651 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने विपक्षी दलों पर तीखे तंज कसे। शन‍िवार दोपहर डेढ़ बजे सुलतानपुर पहुंचे मुख्यमंत्री ने मेडिकल कालेज सहित 317 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इसौली विधानसभा के देहली बाजार स्थित हर्ष महिला महाविद्यालय में जनसभा में बोले- ये परियोजनाएं सुलतानपुरवासियों को दीपावली का उपहार हैं।

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे में सबसे अधिक लाभ इसी जिले के लोगों को मिलेगा। यहां बनने वाले औद्योगिक कलस्टर से रोजगार व नौकरी मिलेगी। इसी पर एयर स्ट्रिप बनाया जा रहा है, जहां आपातकाल में हवाई जहाज भी उतरेंगे। योगी ने कहा कि अराजक तत्वों और उपद्रवियों को हमने साफ संदेश दिया है कि दंगा हुआ तो सात पीढ़ी मुआवजा भरेगी। दादागिरी दिखाओगे तो बुलडोजर तैयार खड़ा है। देश में यूपी पहला राज्य है जो 44 योजनाओं में पहले स्थान पर है। भव्य राममंदिर निर्माण का जिक्र करके योगी ने कुश की नगरी सुलतानपुर को साधने की कोशिश की। कहा, कांग्रेस ने तो राम के अस्तित्व को ही नकार दिया। आपकी आस्था का सम्मान भाजपा ने किया है। मंदिर निर्माण से आप खुश हैं तो भाजपा का समर्थन करें।

अंबेडकरनगर में आदित्यनाथ पूरी तरह चुनावी मूड में दिखे। हवाईपट्टी पर जनसभा को संबोधित करने से पहले उन्होंने 334 करोड़ की 99 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े चार साल में सात लाख लोगों को सीधे रोजगार से जोड़ा गया। मुख्यमंत्री ने सपा व कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कोरोना संकट के समय में वे लोगों को भड़काने में लगे थे। जनता की सेवा करने के बजाय स्वयं क्वारंटाइन हो गए थे। कहा कि पहले प्रदेश में गुंडों का राज था। लोगों को धार्मिक उत्सव मनाने तक की आजादी नहीं थी। तुष्टीकरण चरम पर था। इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सि‍ंह ने कहा कि योगी सरकार में गुंडे जेल में हैं या उन्हें दफना दिया गया।

पिछली सरकार में महाभारत जैसा दृश्य : योगी

इससे पहले लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सामाजिक प्रतिनिधि सम्मेलन पिछड़ा वर्ग विश्वकर्मा समाज के सम्मेलन में भाग लिया। योगी ने कहा कि पहले की सरकारें अपने परिवार को ही प्रदेश मान लेती थीं। लोगों ने देखा है कि 2012 से 2017 के बीच कैसे एक पूरा खानदान लूट-खसोट में लगा हुआ था। महाभारत के सारे रिश्ते उनके पास थे। कहीं चाचा हैं, कहीं मामा हैं, कहीं नाना हैं तो कहीं भतीजा। मुख्यमंत्री ने विश्वकर्मा समाज में राष्ट्रवाद की भावना पर बल दिया। कहा-रावण जैसे त्रिलोक विजयी को समाप्त करने के लिए विश्वकर्माजी के मानस पुत्रों ने बिना किसी भय और संकोच के समुद्र में सेतु बंधु बनाने में अपना अहम योगदान दिया।

chat bot
आपका साथी