राजभवन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की शिष्टाचार मुलाकात

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को राजभवन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात की है। वह इलाहाबाद हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश नामित किए गए न्यायमूर्ति संजय यादव के शपथग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए राजभवन गए थे।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Mon, 14 Jun 2021 12:46 AM (IST) Updated:Mon, 14 Jun 2021 12:49 AM (IST)
राजभवन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की शिष्टाचार मुलाकात
राजभवन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिष्टाचार भेंट की। (फाइल फोटो)

लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को राजभवन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात की है। राजभवन की ओर से जारी बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने राज्यपाल से मुलाकात महज शिष्टाचार भेंट है। वह इलाहाबाद हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश नामित किए गए न्यायमूर्ति संजय यादव के शपथग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए राजभवन गए थे। राज्यपाल से मुलाकात से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दिल्ली में भेंट की थी। इससे पहले, उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात की थी।

बता दें कि न्यायमूर्ति संजय यादव ने रविवार को इलाहाबाद हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के तौर पर शपथ ग्रहण की। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उन्हें राजभवन के गांधी हाल में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। वह बीती 14 अप्रैल से अब तक इलाहाबाद हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश थे। शपथग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, कानून मंत्री ब्रजेश पाठक, मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी, अपर मुख्य सचिव राज्यपाल महेश कुमार गुप्ता, हाईकोर्ट के सीनियर जज, रजिस्ट्रार और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

बतौर मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजय यादव का कार्यकाल 13 दिन का ही होगा। वह 25 जून को 62 वर्ष की आयु पूरी होने पर सेवानिवृत्त होंगे। 26 जून, 1959 को जन्मे संजय यादव 25 अगस्त, 1986 को अधिवक्ता के रूप में पंजीकृत हुए थे। उन्होंने मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में सिविल, रेवेन्यू और सांविधानिक मामलों में वकालत की। वह मध्य प्रदेश के डिप्टी एडवोकेट जनरल भी रहे। उन्हें दो मार्च, 2007 को मध्यप्रदेश हाई कोर्ट का अपर न्यायाधीश नियुक्त किया गया और 15 जनवरी, 2010 को वह स्थायी न्यायाधीश नियुक्त किए गए। वह दो बार मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश भी रहे। बीती आठ जनवरी को वह मध्य प्रदेश हाई कोर्ट से स्थानांतरित होकर इलाहाबाद हाई कोर्ट के न्यायाधीश बने थे।

chat bot
आपका साथी