गर्भवती महिलाओं में कोरोना संक्रमण के मामले घटे, 57 Covid 19 गर्भवतियों का हुआ सुरक्षित प्रसव

लखनऊ के लोकबंधु कोविड अस्पताल में आने वाली गर्भवती महिलाओं में कोरोना संक्रमण के मामले तेज़ी से घटे हैं। अब यहां के कोविड वार्ड में सिर्फ दो महिलाएं ही भर्ती हैं। जबकि पहले यहां करीब 30 संक्रमित महिलाएं हमेशा भर्ती रहा करती थी।

By Anurag GuptaEdited By: Publish:Mon, 26 Oct 2020 03:08 PM (IST) Updated:Mon, 26 Oct 2020 03:08 PM (IST)
गर्भवती महिलाओं में कोरोना संक्रमण के मामले घटे, 57 Covid 19 गर्भवतियों का हुआ सुरक्षित प्रसव
लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल में अब तक कराया गया 57 कोविड गर्भवतियों का सुरक्षित प्रसव।

लखनऊ, जेएनएन। लोकबंधु कोविड अस्पताल में आने वाली गर्भवती महिलाओं में कोरोना संक्रमण के मामले तेज़ी से घटे हैं। अब यहां के कोविड वार्ड में सिर्फ दो महिलाएं ही भर्ती हैं। जबकि पहले यहां करीब 30 संक्रमित महिलाएं हमेशा भर्ती रहा करती थी। मार्च से लेकर अब तक लोकबंधु से सैकड़ों संक्रमित महिलाएं स्वस्थ होकर घर जा चुकी। जबकि इनमें से 57 कोरोना पॉजिटिव महिलाओं का सुरक्षित प्रसव भी कराया गया। दरअसल क़रीब तीन सप्ताह से राजधानी में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार घट रहे हैं। 

रोजाना औसतन संक्रमित होने वाले मरीजों की संख्या 300 के आसपास रह रही है। जबकि पहले रोजाना संक्रमित होने वाले औसत मरीजों की संख्या 800 से 900 के करीब हुआ करती थी। यह औसत घटने से गर्भवती महिलाओं में भी संक्रमण के मामले कम हो रहे हैं। लोकबंधु अस्पताल में रूटीन जांच करा रही गर्भवती महिलाओं में भी संक्रमण के काफ़ी मामले सामने आ रहे थे। मगर ज्यादातर महिलाएं स्वस्थ होकर घर गईं। इनमें से 57 महिलाओं के प्रसव का समय पूरा हो चुका था। इसलिए कोविड ओटी में उनका सफल व सुरक्षित प्रसव कराया गया। लोकबंधु अस्पताल की सीएमएस डॉ अमिता यादव ने बताया कि कोविड-19 के दौरान अब तक यहां 57 गर्भवती महिलाओं का सुरक्षित प्रसव कराया गया। इनमें से 31 का सिजेरियन व अन्य का सामान्य प्रसव कराने में सफलता मिली। हमारे यहां कोविड पॉजिटिव महिलाओं की डिलीवरी का औसत 100 फीसद सुरक्षित रहा। सभी प्रसूताएं कोरोना संक्रमण से मुक्त होकर घर गईं। अब गर्भवतियों में संक्रमण के मामले कम आ रहे हैं। मौजूदा समय में सिर्फ़ दो गर्भवती भर्ती हैं, जिनका कोरोना इलाज चल रहा है।

chat bot
आपका साथी