CoronaVirus Lucknow News Update: अयोध्या में 22 और अंबेडकरनगर में आठ नए मामले

CoronaVirus Lucknow News Update लखनऊ सरोजनीनगर के दारोगाखेड़ा में चार लोगों के साथ आया था युवक।

By Divyansh RastogiEdited By: Publish:Tue, 26 May 2020 08:49 AM (IST) Updated:Tue, 26 May 2020 07:51 PM (IST)
CoronaVirus Lucknow News Update: अयोध्या में 22 और अंबेडकरनगर में आठ नए मामले
CoronaVirus Lucknow News Update: अयोध्या में 22 और अंबेडकरनगर में आठ नए मामले

लखनऊ, जेएनएन।  CoronaVirus Lucknow News Update: 

अयोध्या में फिर फूटा कोरोना बम। ज‍िले में 22 नए कोरोना पाजिटिव मरीज म‍िले हैं। अब एक्टिव कोरोना पाजिटिव मरीज की संख्या बढ़कर 90 हो गई है। सभी को आइसोलेट करने की प्रक्रिया जारी है। संबंधित गांवों को भी सील क‍िया जा रहा है। यह जानकारी जिला प्रशासन ने दी है।

अंबेडकरनगर में काेरोना संक्रमण का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। मंगलवार को आठ और कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने से प्रशासनिक अमले में खलबली मची है। इसके साथ ही जिले में संख्या बढ़कर 45 हो गई है। सीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि भियांव ब्लॉक के कोड़राकला में एक,कटेहरी के बिगहिया में एक, मीरपुर मंशापुर में दो,अकबरपुर के तिवारीपुर में चार कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इसमें एक महिला भी शामिल है। इनका नमूना 21 व 22 मई को लिया गया था। पीड़ितों में कुछ मुंबई व गुजरात से आए थे और कुछ पीड़ितों के संपर्क में आने से प्रभावित हुए हैं। संबंधित गांव को सील कर परिवारीजन व संपर्क में आए हुए लोगों को क्वारंटाइन किया जा रहा है। सभी आठ पीड़ितों को एलवन हॉस्पिटल में शिफ्ट किया जा रहा है।

लखनऊ में मुंबई से आए दामाद में कोरोना 

मुंबई से चार लोगों के साथ दामाद ससुराल पहुंचा। घर में बाहर से आए लोगों को छिपा लिया गया। ग्रामीणों को भनक तक नहीं लगी। तबीयत गड़बड़ाने पर निजी लैब से जांच कराई। कोरोना पॉजिटिव मिलने पर गांव में हड़कंप मच गया। सरोजनीनगर के दारोगाखेड़ा गांव में मुंबई से एक युवक चार लोगों के साथ पहुंचा। ग्रामीणों को भनक न लगे, इसलिए बाहर भी नहीं निकले। ससुरालीजन प्रधान को भी जानकारी नहीं दी। वहीं, दामाद को जुकाम, बुखार हो गया। निजी लैब से जांच कराई। इसमें सोमवार को कोरोना की पुष्टि हुई। इसके बाद दोपहर में सीएमओ की टीम पहुंची। एंबुलेंस देखकर गांव वालों में कोरोना मरीज मिलने की जानकारी हुई। इसके बाद दिनभर हड़कंप मचा रहा। ऐसे में दामाद को लोकबंधु अस्पताल में आइसोलेट किया गया। वहीं, ससुरालीजन को भी सैंपल लेकर क्वारंटाइन किया गया।

परचून की दुकान भी रही खुलती

दारोगा खेड़ा के लोगों में वायरस को लेकर भय बना हुआ है। कारण, जिस घर में कोरोना पीड़ित मरीज मिला है। वहां परचून की दुकान भी है। यह हर रोज खुल रही थी। ऐसे में लोगों में वायरस पनपने का भय बना हुआ है। यदि ससुराली जनों में भी वायरस की पुष्टि हुई, तो गांव में कोरोना फैल सकता है। हेल्थ टीम ने करीब 10 लोगों का सैंपल लिया। सीएमओ डॉ. नरेंद्र अग्रवाल के मुताबिक यह मरीज लखनऊ में ही जोड़ा जाएगा। यहां मरीजों की संख्या 325 हो गई। वहीं एक्टिव केस 54 हैं।

कोरोना संक्रमित एचआइवी पीडि़त छह दिन में डिस्‍चार्ज 

केजीएयू ने कोरोना संक्रमित एचआइवी पीडि़त को छह दिन के भीतर डिस्‍चार्ज कर नया कीर्तिमान स्‍थापित किया है। मरीज गोंडा जाते समय सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था। इलाज के दौरान पता चला कि मरीज को कोरोना संक्रमण है। यहीं नही परीक्षण के दौरान मरीज एचआइवी पॉजिटीव भी पाया गया। इसके बाद डॉक्‍टरों ने मरीज का इलाज शुरू किया और महज छह दिन में उसे कोरोना संक्रमण से मुक्‍त कर दिया।

केजीएमयू कुलपति ने बताया कि मरीज के सिर में चोट होने के कारण उसका व्‍यवहार असामान्‍य था। वह भागने की कोशिश कर रहा था और खुद पर उसका नियंत्रण नहीं था। हालांकि इलाज के बाद उसकी मानसिक स्थिति अब ठीक है। तीन समस्‍याओं से ग्रसित होने के बावजूद मरीज को ठीक कर लिया गया और उसे छुटटी दे दी गई, जो विवि के लिए उपलब्धि है। कुलपति ने बताया कि एचआइवी मरीज की प्रतिरोधक क्षमता काफी कम हो जाती है। इन सबके बावजूद डॉक्‍टरोंं की टीम ने कठिन परिश्रम किया और मरीज को ठीक किया गया। मरीज को 14 दिन के लिए होम क्‍वारंटाइन किया गया है। क्‍वारंटाइल की अवधि पूरा होने के बाद दोबारा मरीज का परीक्षण किया जाएगा।

बाराबंकी में स्वस्थ होने पर 12 डिस्चार्ज, सात नए मामले

वहीं, बाराबंकी  जिले में कोरोना संक्रमितों के नए मामले मिलने के साथ ही पूर्व में संक्रमित मरीजों की सेहत में तेजी से सुधार भी हो रहा है। 12 संक्रमितों की रिपोर्ट नेगेटिव आने पर सोमवार को उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया, जबकि सात व्यक्तियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा गैर जनपदों के भी पांच मरीज स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज किए गए हैं। संक्रमित पाए गए व्यक्तियों में छह व्यक्ति ऐसे है जोकि पूर्व में संक्रमित व्यक्तियों के संपर्क में आए थे। इस प्रकार जिले में अब तक 140 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं, इनमें 16 ठीक हो चुके हैं। जबकि, राम सनेहीघाट क्षेत्र के एक व्यक्ति की गैर जनपद में मृत्यु हो गई थी और अंतिम संस्कार से पहले लिए गए नमूने की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव अाई थी। जिलाधिकारी डॉक्टर आदर्श सिंह ने सात और केस मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि वर्तमान में जिले में 123 सक्रिय केस हैं। संक्रमित पाए गए लोगों को सफेदाबाद स्थित हिन्द कोविड अस्पताल में आइसोलेट कराया गया गया है।

chat bot
आपका साथी