नई भर्ती के लिए प्रतियोगियों ने घेरा यूपी भाजपा कार्यालय, पुलिस पर पीटकर बस में बैठाने का आरोप
परिषदीय विद्यालयों में नई भर्ती घोषित करने के लिए प्रतियोगी लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं। एससीईआरटी कार्यालय के सामने कई बार धरना दिया जा चुका है। सोमवार को भी बड़ी संख्या में प्रतियोगी जुटे थे। पुलिस ने सभी को पकड़कर इको गार्डन के पास छोड़ा।
लखनऊ, राज्य ब्यूरो। बेसिक शिक्षा परिषद के प्राथमिक स्कूलों में 97 हजार पदों की नई भर्ती घोषित करने के लिए प्रतियोगियों ने सोमवार को भाजपा कार्यालय का घेराव किया। पुलिस ने सभी को जबरन बस में बैठा लिया। प्रतियोगियों का आरोप है कि पुलिस ने उनकी पिटाई करके बस में बैठा लिया और इको गार्डेन के पास ले जाकर छोड़ दिया। परिषदीय विद्यालयों में नई भर्ती घोषित करने के लिए प्रतियोगी लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं। एससीईआरटी कार्यालय के सामने कई बार धरना दिया जा चुका है।
सोमवार को भी बड़ी संख्या में प्रतियोगी जुटे थे। मांग की अनसुनी होने पर सभी ने निर्णय लिया कि भाजपा कार्यालय का घेराव किया जाए। योजना के अनुसार प्रतियोगी दोपहर में पार्टी कार्यालय के सामने पहुंचकर नारेबाजी करने लगे। उनका कहना था कि सरकार नई भर्ती जारी नहीं कर रही है, अब तक केवल शिक्षामित्रों के समायोजन से खाली हुए पदों पर ही भर्ती की गई है, जबकि स्कूलों में बड़ी संख्या में पद रिक्त हैं। इसके अलावा 68500 और 69000 भर्ती में भी पद खाली रह गए हैं। इन सबको मिलाकर 97 हजार पदों की नई भर्ती निकाली जाए।
पुलिस ने पहले प्रतियोगियों को समझाकर वापस लौटाने का प्रयास किया लेकिन, न मानने पर उन्हें बसों में जबरन बैठाया गया, प्रतियोगियों का आरोप है कि पुलिस ने उनकी अनायास पिटाई की। हालांकि पुलिस की ओर से इससे इन्कार करते हुए कहा गया कि सभी को इको गार्डन के छोड़ दिया गया है, इसमें गिरफ्तारी नहीं हुई।