अमेठी पहुंची स्मृति ईरानी, कड़ी सुरक्षा के बीच अहोरवा भवानी में टेका मत्था; चढ़ाई चुनरी

अमेठी में शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और स्थानीय सांसद ने अहोरवा भवानी मंदिर में मत्था टेका। उन्होंने विधि विधान से पूजन अर्चनकर मां को चुनरी भी अर्पित की। इस दौरान मंदिर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।

By Rafiya NazEdited By: Publish:Fri, 15 Oct 2021 05:22 PM (IST) Updated:Fri, 15 Oct 2021 07:15 PM (IST)
अमेठी पहुंची स्मृति ईरानी, कड़ी सुरक्षा के बीच अहोरवा भवानी में टेका मत्था; चढ़ाई चुनरी
केंद्रीय मंत्री शुक्रवार को स्मृति ईरानी अमेठी पहुंची।

अमेठी, संवाद सूत्र। अमेठी में शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और स्थानीय सांसद ने अहोरवा भवानी मंदिर में मत्था टेका। उन्होंने विधि विधान से पूजन अर्चनकर मां को चुनरी भी अर्पित की। इस दौरान मंदिर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने अमेठी दौरे की शुरुआत मां अहोरवा भवानी मंदिर में पूजन अर्चन के साथ किया। इससे पहले जिले की सीमा पर पहुंचते ही भाजपा नेता अवनींद्र सिंह की अगुआई में सैकड़ो कार्यकर्ताओं ने सांसद को पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। मंदिर के पुजारी शिवकुमार तिवारी ने वेदमंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा पाठ कराया। पूजन कर स्मृति ईरानी ने जनपद वासियों के सुख शांति की कामना की।मां अहोरवा भवानी की पूजा पाठ के पश्चात स्मृति ईरानी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से उनका कुशलक्षेम जाना। केंद्रीय मंत्री के दौरे को लेकर स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सजग रहा।

किसानों के संभावित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए अहोरवा भवानी कस्बे में अपर पुलिस अधीक्षक विनोद पांडेय, उपजिलाधिकारी श्रद्धा सिंह ,थानाध्यक्ष विवेक सिंह पुलिस बल के साथ डटे रहे। किसान नेता जितेंद्र बहादुर सिंह के नेतृत्व में दर्जन भर किसान केंद्रीय मंत्री से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपने के लिए सड़क किनारे खड़े रहे,लेकिन मंत्री का काफिला किसानों के पास नही रुका। किसान किसी तरह का विरोध प्रदर्शित न कर सकें। इसके लिए पुलिस व प्रशासन के उच्चाधिकारी किसान नेता के घर के बाहर मुश्तैद रहे। केंद्रीय मंत्री का काफिला मंदिर से वापस जाने के प्रशासनिक अफसरों ने राहत की सांस ली। केंद्रीय मंत्री के भृमण के दौरान उनके प्रतिनिधि विजय गुप्ता, मंडल अध्यक्ष अमरीष जायसवाल, कौशलेंद्र सिंह, दिनेश जायसवाल, राहुल पाठक,लल्लन सिंह,प्रधान संघ अध्यक्ष नवीन श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बता दें कि केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति इरानी शुक्रवार को अपने संसदीय क्षेत्र के एक दिनी दौरे पर आई हुई हैं। उन्हें देवी मंदिरों में पहुंचकर दर्शन पूजन और विजय दशमी पर आयोजित रामलीला के आयोजन के साथ कई अन्य कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेने का कार्यक्रम है।

chat bot
आपका साथी