यूपी के सभी मंडल में विश्व योग दिवस मनाएगी भाजपा, श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर होगा पौधारोपण

उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में ब्लाक स्तर पर प्रभारी मंत्रियों को भेज रही भाजपा विश्व योग दिवस का आयोजन भी मंडल स्तर पर करने जा रही है। कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करते हुए प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और संगठन महामंत्री सुनील बंसल ने पदाधिकारियों के साथ बैठक की।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Fri, 18 Jun 2021 07:30 AM (IST) Updated:Fri, 18 Jun 2021 07:30 AM (IST)
यूपी के सभी मंडल में विश्व योग दिवस मनाएगी भाजपा, श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर होगा पौधारोपण
भाजपा उत्तर प्रदेश के हर मंडल में विश्व योग दिवस मनाएगी।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। संपर्क और संवाद अभियान के तहत उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में ब्लाक स्तर पर प्रभारी मंत्रियों को भेज रही भारतीय जनता पार्टी विश्व योग दिवस का आयोजन भी मंडल स्तर पर करने जा रही है। आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करते हुए प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और संगठन महामंत्री सुनील बंसल ने पदाधिकारियों के साथ बैठक की। निर्देश दिए कि डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर बूथ स्तर पर पौधरोपण भी कराया जाएगा।

लखनऊ स्थिति प्रदेश मुख्यालय में गुरुवार को आयोजित बैठक में यूपी बीजेपी के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयास से भारतीय योग की महत्ता को पूरे विश्व ने स्वीकार किया और 21 जून, 2015 से पूरे विश्व में योग दिवस मनाया जाने लगा। यह सभी भारतीयों के लिए गौरव का क्षण था। भाजपा इस वर्ष प्रत्येक मंडल पर विश्व योग दिवस मनाएगी। कार्यक्रमों में कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नागरिक योग करेंगे।

यूपी बीजेपी के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि 23 जून को देश की एकता और अखंडता के लिए आजाद भारत में पहला बलिदान डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने दिया। पार्टी अपने प्रेरणापुंज डा.मुखर्जी के बलिदान दिवस पर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए 23 जून से छह जुलाई तक बूथ स्तर पर पौधारोपण कराएगी। इन अभियानों के साथ ही सेवा ही संगठन अभियान के तहत टीकाकरण के लिए जागरूकता व पोस्ट कोविड सेंटर के संचालन जैसे काम चलते रहेंगे।

प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल ने बताया कि प्रदेश के 1918 मंडलों में 21 जून को विश्व योग दिवस पर योग के कार्यक्रम होंगे। विश्व योग दिवस कार्यक्रम के प्रदेश प्रमुख प्रदेश उपाध्यक्ष सलिल विश्नोई, सतपाल सैनी, सुरेंद्र नागर और प्रदेश मंत्री देवेश कोरी रहेंगे। पौधारोपण 1.63 लाख से अधिक बूथों पर होना है। इस कार्यक्रम की प्रदेश प्रमुख प्रदेश महामंत्री प्रियंका रावत, प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर, सुनीता दयाल, प्रदेश मंत्री चंद्र मोहन और शंकर गिरी बनाए गए हैं।

chat bot
आपका साथी