पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आज से भाजपा का सेवा एवं समर्पण अभियान, घर-घर पहुंचेंगे कार्यकर्ता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर शुक्रवार से भाजपा का सेवा एवं समर्पण अभियान शुरू होगा। सात अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान में भाजपा के कार्यकर्ता विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से गांव-गांव घर-घर तक पहुंचकर लोगों से संपर्क व संवाद करेंगे और सेवा कार्य भी करेंगे।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Fri, 17 Sep 2021 02:06 AM (IST) Updated:Fri, 17 Sep 2021 02:07 AM (IST)
पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आज से भाजपा का सेवा एवं समर्पण अभियान, घर-घर पहुंचेंगे कार्यकर्ता
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सेवा एवं समर्पण अभियान की तैयारियों की समीक्षा की।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर शुक्रवार से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का सेवा एवं समर्पण अभियान शुरू होगा। सात अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान में भाजपा के कार्यकर्ता विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से गांव-गांव, घर-घर तक पहुंचकर लोगों से संपर्क व संवाद करेंगे और सेवा कार्य भी करेंगे। मोर्चों व प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता भी इस अभियान में जुटेंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने गुरुवार शाम पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्र अध्यक्षों, जिलाध्यक्षों व जिला प्रभारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर सेवा एवं समर्पण अभियान की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। सेवा एवं समर्पण अभियान के तहत 17 से 20 सितंबर तक स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। चिकित्सा प्रकोष्ठ इसका समन्वय करेगा। युवा मोर्चा के कार्यकर्ता रक्तदान शिविर आयोजित करेंगे, जबकि अनुसूचित मोर्चा के कार्यकर्ता गरीब बस्तियों में फल व अन्य आवश्यक वस्तुओं का वितरण कर सेवा कार्य करेंगे।

पिछड़ा वर्ग के कार्यकर्ता अनाथालय व वृद्धाश्रमों मे जाकर फल वितरण व अन्य सेवा कार्य करेंगे। सेवा एवं समर्पण अभियान के तहत किसान मोर्चा द्वारा किसान सम्मान दिवस का आयोजन करते हुए 71 किसानों और 71 जवानों को सम्मानित किया जाएगा। कोरोना काल में सेवा कार्य करने वाली 71 महिलाओं को सम्मानित करने का कार्य महिला मोर्चा करेगा।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती 25 सितंबर की पूर्व संध्या पर 24 सितंबर को प्रदेश भर में बूथ पर पार्टी कार्यकर्ता कार्यक्रम आयोजित करेंगे। गांधी जयंती पर दो अक्टूबर को प्रदेश में मंडल स्तर पर पार्टी कार्यकर्ता स्वच्छता के कार्यक्रम आयोजित करेंगे। उधर, विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई देते कहा कि प्रधानमंत्री दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता हैं, उन्होंने भारत को पूरी दुनिया में प्रसिद्धि दिलवाई।

chat bot
आपका साथी