भाजपा सामाजिक सम्मेलन: दिन में 12 बजे सोकर उठने वाला मुख्यमंत्री जनता के बारे में नहीं सोच पाएगा: योगी आदित्यनाथ

सीएम योगी आदित्यनाथ ने सामाजिक प्रतिनिधि सम्मेलन में कहा कि जब प्रदेश का मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे सोकर उठेगा तो कैसे उम्मीद कर सकते हैं कि वो जनता के बारे में सोच पाएगा। समाज की कोई जानकारी उसको नहीं होगी।

By Dharmendra PandeyEdited By: Publish:Thu, 28 Oct 2021 12:47 PM (IST) Updated:Thu, 28 Oct 2021 12:47 PM (IST)
भाजपा सामाजिक सम्मेलन: दिन में 12 बजे सोकर उठने वाला मुख्यमंत्री जनता के बारे में नहीं सोच पाएगा: योगी आदित्यनाथ
सामाजिक प्रतिनिधि सम्मेलन में सीएम योगी आदित्यनाथ

लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर बेहद गंभीर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भाजपा की हर कमजोर कड़ी को मजबूत करने में लगे हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ लखनऊ में गुरुवार को तीन सामाजिक सम्मेलन में भाग ले रहे हैं।

उत्तर प्रदेश गन्ना संस्थान के हाल में सीएम योगी आदित्यनाथ ने सामाजिक प्रतिनिधि सम्मेलन में कहा कि पिछली सरकारों के पास कोई सोच नहीं थी। अगर कहीं सोच भी लिया तो उस सोच को धरातल पर उतारने की फुरसत नहीं थी। जब प्रदेश का मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे सोकर उठेगा तो कैसे उम्मीद कर सकते हैं कि वो जनता के बारे में सोच पाएगा। समाज की कोई जानकारी उसको नहीं होगी।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आपने 2014 के बाद बदलते हुए भारत को देखा है। आज भारत ना केवल वैश्विक मंच पर बल्कि अपनी परंपरा को बनाए रखने के लिए दुनिया के सामने एक ताकत के रूप में उभरा है। आपको याद होगा जब महामारी आई थी तब जितनी भी विपक्षी पार्टियां थीं, चाहे सपा हो, बसपा हो, कांग्रेस हो, सभी आइसोलेशन में थी। लेकिन जैसे ही चुनाव नजदीक आने लगे तो सब बाहर आ गए।

प्रदेश में 2012 में कोसीकलां से जो दंगों का सिलसिला शुरू हुआ था वह निरंतर चलता रहा। पहले की जो सरकार थी वो अपने लिए जीते थे। वह अपने परिवार के लिए जीते थे और उन्हें समाज और गरीब से कोई लेना-देना नहीं था। 2014 के पहले कांग्रेस नेतृत्व की सरकार देश के अंदर रोज एक घोटाला लेकर आती थी। दुनिया के अंदर भारत की छवि अत्यन्त धूमिल थी। भारत के नौजवानों के सामने पहचान का संकट खड़ा हुआ था और असुरक्षा का वातावरण था।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ इस सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह तथा प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी इस सम्मेलन को संबोधित किया।  

chat bot
आपका साथी