सरकार की उपलब्धियों के बखान के लिए पैदल बूथ की दूरियां नापेंगे भाजपा सांसद

दो अक्टूबर को गांधी जयंती से लेकर 31 अगस्त को सरदार पटेल जयंती तक 15 दिनों में 150 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर भाजपा सांसद सरकार की उपलब्धियों को बूथों तक पहुंचाएंगे।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Sun, 22 Sep 2019 10:56 AM (IST) Updated:Sun, 22 Sep 2019 10:56 AM (IST)
सरकार की उपलब्धियों के बखान के लिए पैदल बूथ की दूरियां नापेंगे भाजपा सांसद
सरकार की उपलब्धियों के बखान के लिए पैदल बूथ की दूरियां नापेंगे भाजपा सांसद

लखनऊ, जेएनएन। मोदी सरकार के 100 दिन और योगी सरकार के ढाई साल के कार्यकाल की उपलब्धियों का बखान करते हुए भाजपा सांसद अगले महीने अपने लोकसभा क्षेत्रों को पांव-पांव नापेंगे। दो अक्टूबर को गांधी जयंती से लेकर 31 अगस्त को सरदार पटेल जयंती तक 15 दिनों में 150 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर वे इन उपलब्धियों को बूथों तक पहुंचाएंगे। जिन संसदीय क्षेत्रों में भाजपा का प्रतिनिधित्व नहीं है, वहां यह जिम्मेदारी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संभालेंगे।

शनिवार को भाजपा के अध्यक्ष अमित शाह और कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिये पार्टी के बूथ चलो अभियान की तैयारियों की समीक्षा की और भाजपा के प्रदेश कार्यालय में जुटे सांसदों और पार्टी पदाधिकारियों का मार्गदर्शन भी किया। इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल व अन्य प्रदेश पदाधिकारियों के अलावा उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और पार्टी के सांसद मौजूद थे। बैठक में शाह ने सांसदों को मोदी सरकार की 100 दिनों की उपलब्धियों के साथ राज्य सरकार की उपलब्धियों को बूथों तक पहुंचाने का मंत्र दिया।

सांसदों को बताया गया कि उन्हें कम से कम 150 कार्यकर्ताओं के जत्थे के साथ जिसमें स्थानीय विधायक और जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे, रोजाना औसतन 10 किमी की पदयात्रा करनी होगी। एक लोकसभा क्षेत्र में औसतन पांच विधानसभा क्षेत्र मानते हुए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में तीन दिन का समय देने का निर्देश दिया गया। पदयात्रा के दौरान सांसदों को जगह-जगह चौपालनुमा सभाएं करनी होंगी जिसमें वे केंद्र और राज्य सरकारों की उपलब्धियों का बखान करेंगे। महात्मा गांधी की विचारधारा और दर्शन को भी जनता के बीच प्रचारित करेंगे। खादी के वस्त्रों के साथ स्वावलंबन के लिए ग्रामोद्योग पर उनका फोकस होगा। स्वच्छता और पर्यावरण को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरोकारों को भी वे जन-जन तक पहुंचाएंगे।

पदयात्रा के दौरान उन्हें संसदीय क्षेत्र में सफाई में भी हिस्सा लेना होगा। प्लास्टिक मुक्त भारत बनाने के मोदी के सपने को साकार करने के लिए भी जनता से अपील करनी होगी। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए पौधारोपण भी करना होगा। बैठक में पार्टी के 59 सांसद मौजूद थे जिनमें लोकसभा और राज्यसभा सदस्य शामिल थे। भाजपा के दो पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी और डॉ.महेंद्र नाथ पांडेय भी सांसद की हैसियत से बैठक में शामिल हुए।

योगी ने बताई उपलब्धियां

बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सांसदों को मोदी सरकार के पहले कार्यकाल के साथ दूसरी पारी में 100 दिनों की संक्षिप्त समयावधि में हासिल की गईं उपलब्धियों की जानकारी दी। साथ ही राज्य सरकार की ढाई साल की उपलब्धियों का ब्योरा पेश किया। उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को पुरजोर तरीके से जनता के बीच पहुंचाने की सांसदों से अपील की।

chat bot
आपका साथी