भाजपा नेता व पूर्व सीएम उमा भारती ने राकेश टिकैत को दी सलाह, खत्म न करें किसान आंदोलन की गरिमा

भाजपा नेता उमा भारती ने कृषि कानून विरोधी आंदोलन चला रहे राकेश टिकैत को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यूपी में चुनाव आने वाले हैं। चुनाव को निशाना बनाकर ही टिकैत लखनऊ आ रहे हैं। यदि लखनऊ घेरना था तो एक वर्ष पहले या एक वर्ष बाद घेर लेते।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Wed, 28 Jul 2021 09:59 PM (IST) Updated:Thu, 29 Jul 2021 12:36 AM (IST)
भाजपा नेता व पूर्व सीएम उमा भारती ने राकेश टिकैत को दी सलाह, खत्म न करें किसान आंदोलन की गरिमा
भाजपा नेता उमा भारती एसजीपीजीआइ में गंभीर हालत में भर्ती उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को देखने पहुंचीं।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। लखनऊ के संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआइ) में गंभीर हालत में भर्ती उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को देखने पहुंचीं मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने उन्हें रामभक्ति और रामराज्य का प्रतिबद्ध नेता बताया। भाजपा की मजबूती में कल्याण की अहम भूमिका का उल्लेख करते हुए उमा भारती ने कहा कि बाबूजी की वजह से ही देशभर का पिछड़ा वर्ग भाजपा की ओर आकर्षित हुआ और पार्टी में वजनदारी आई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी को और सिरे पर चढ़ा दिया।

एसजीपीजीआइ परिसर में ही बुधवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए उमा भारती ने दावा किया कि 2022 में भाजपा की प्रचंड बहुमत की सरकार फिर से बनेगी। वहीं, कृषि कानून विरोधी आंदोलन चला रहे राकेश टिकैत को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यूपी में चुनाव आने वाले हैं। चुनाव को निशाना बनाकर ही टिकैत लखनऊ आ रहे हैं। यदि लखनऊ घेरना था तो एक वर्ष पहले या एक वर्ष बाद घेर लेते। उमा ने टिकैत को नसीहत दी कि किसान आंदोलन को राजनीति से दूर रखें। इसकी गरिमा को खत्म न करें।

रोहिंग्या शरणार्थियों पर योगी सरकार द्वारा की जा रही कार्रवाई के सवाल पर उमा भारती ने कहा कि इन पर और सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। भारत का हित सोचने वालों को यहां शरण दी जाती है, अहित करने वालों को नहीं। भारत की धरती पर एक भी रोहिंग्या शरणार्थी नहीं रहना चाहिए। अयोध्या की तरह मथुरा और काशी के लिए आंदोलन के प्रश्न पर उमा भारती ने कहा कि अयोध्या, मथुरा और काशी हमारे लिए आस्था का विषय उसी तरह हैं, जैसे मुस्लिम के लिए मक्का-मदीना और इसाइयों के लिए वेटिकन सिटी। कहा था कि रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे। अब अयोध्या में भव्य मंदिर का निर्माण हो रहा है।

काशी और मथुरा को लेकर टिप्पणी से इन्कार करते हुए उमा भारती ने ने कहा कि हमारा आंदोलन सिर्फ राम मंदिर के लिए था। अस्पताल में उमा भारती ने कल्याण सिंह के परिवारीजन व डॉक्टरों से कल्याण सिंह की सेहत के बारे में जानकारी ली। फिलहाल कल्याण सिंह की स्थिति गंभीर बनी हुई है। उन्हें लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया है और उनकी डायलिसिस भी हो रही है।

chat bot
आपका साथी