बिहार के उद्योग मंत्री शहनवाज हुसैन ने की यूपी की तारीफ, कहा-निवेशकों के लिए है सुरक्षित जगह
बिहार सरकार के उद्योग मंत्री शहनवाज हुसैन ने बाराबंकी में दो फैक्ट्रियों का किया निरीक्षण। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल को सराहा। कहा यूपी में उद्योग स्थापित करने के लिए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। कानून व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है।
बाराबंकी, संवादसूत्र। बिहार सरकार के उद्योग मंत्री शहनवाज हुसैन ने मंगलवार को कुर्सी स्थित औद्योगिक इलाके में कोका काेला व आर्गेनिक इंडिया फैक्ट्री का निरीक्षण किया। देवा में सूफी संत हाजी वारिस अली शाह की मजार पर चादर भी चढ़ाई। उन्होंने औद्योगिक इकाइयों की स्थिति देखकर प्रसन्नता जाहिर की और मेगा फ्रूड पार्क का भी भ्रमण किया। इंडियन इंडस्ट्री एसोसिएशन के चेयरमैन प्रमित कुमार सहित अन्य उद्यमियों बात कर संतुष्ट हुए। कहा कि निवेशकों के लिए यूपी अब सुरक्षित स्थान है। बिहार के उद्यमियों को भी वह यूपी में निवेश के लिए प्रेरित करेंगे।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल को सराहा। कहा, यूपी में उद्योग स्थापित करने के लिए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। कानून व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है। पहले यूपी में उद्योग लगाने से निवेशक डरते थे। योगी जी ने भयमुक्त माहौल तैयार किया है। यूपी अब तरक्की के रास्ते पर है। बिहार के उद्यमियों को भी यहां व्यापारिक दृष्टिकोण से अच्छा माहौल मिलेगा।
इससे पहले भाजपा जिलाध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव, अरविंद मौर्य, शील रत्न मिहिन, रमाकांत वाजपेई, विशाल सिंह, विनय शुक्ल, नितिन मौर्य, मिथुन रावत, इक्ष्वाकु मौर्य, अलका सिंह पटेल, करुणेश वर्मा सहित अन्य ने स्वागत किया। उधर, दुंदपुरवा में राधेलाल यादव के आवास पर शहनवाज हुसैन का स्वागत किया गया। यहां उन्होंने योगी सरकार की विभिन्न योजनाओं को बिहार में माडल के रूप में लागू करने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने सपा, बसपा व कांग्रेस को बरसाती मेढक की संज्ञा देते हुए 2022 में भाजपा की प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने का आह्वान किया। विधायक संजय यादव, सच्चिदानंद राय, ब्लाक प्रमुख धर्मेंद्र यादव, सुरेंद्र सिंह वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव, महामंत्री संदीप गुप्ता मौजूद रहे।