लखनऊ : सगे भाइयों पर चाकू से हमला-भर्ती ; हमलावर का सुराग नहीं

लखनऊ मड़ियांव इलाके की घटना। मुंह पर गमछा बांधकर आया था बदमाश जानलेवा हमले की एफआइआर दर्ज। पुलिस टीम गठित कर बदमाश की तलाश करने के निर्देश दिए हैं। आशंका है क‍ि बदमाश दोनों भाइयों पर हमला करने की नीयत से ही वहां चाकू लेकर आया था।

By Divyansh RastogiEdited By: Publish:Sun, 29 Nov 2020 09:17 AM (IST) Updated:Sun, 29 Nov 2020 09:17 AM (IST)
लखनऊ : सगे भाइयों पर चाकू से हमला-भर्ती ; हमलावर का सुराग नहीं
लखनऊ : मड़ियांव इलाके की घटना, हमलावर की तलाश जारी है। मुंह पर गमछा बांधकर आया था बदमाश।

लखनऊ, जेएनएन। राजधानी के मड़ियांव इलाके में शनिवार देर रात एक बदमाश ने सगे भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जिन्हें ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि हमलावर के बारे में जानकारी की जा रही है। हालांकि, अभी तक बदमाश का सुराग नहीं लग सका है।

दरअसल, लोधा मऊ गांव निवासी आकाश और राहुल घर के बाहर मौजूद थे। आरोप है कि इस दौरान एक अज्ञात बदमाश वहां पहुंचा और किनारे खड़ा हो गया। बदमाश ने गमछे से अपना चेहरा ढंका हुआ था। शक होने पर दोनों भाइयों ने बदमाश से वहां आने का कारण पूछा। इसपर बदमाश भड़क गया। इसके बाद पास में रखे चाकू से दोनों भाइयों पर हमला बोल दिया। हमले में दोनों भाई जख्मी हो गए। शोरगुल सुनकर आसपास मौजूद लोग वहां पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर वहां से भाग निकला। स्थानीय लोगों ने बताया कि बदमाश को देर रात में टहलते देखकर आकाश और राहुल को उसपर संदेह हुआ था। 

माना जा रहा है कि बदमाश दोनों भाइयों पर हमला करने की नीयत से ही वहां चाकू लेकर आया था। पुलिस का कहना है कि सगे भाइयों की हालत खतरे से बाहर है। पुरानी रंजिश समेत अन्य पहलुओं पर छानबीन की जा रही है। जल्द ही बदमाश को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अज्ञात हमलावर के खिलाफ जानलेवा हमले की एफआइआर दर्ज की गई है। वारदात की जानकारी होने पर एडीसीपी राजेश श्रीवास्तव ने पुलिस टीम गठित कर बदमाश की तलाश करने के निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि आरोपित को एक स्थानीय युवक ने देखा था। हुलिए के आधार पर हमलावर की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी